मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार बोले- हनुमान भी आदिवासी थे

धार ।  बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर आयोजित सभा में कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार ने कहा कि भगवान राम को लंका तक पहुंचाने वाले आदिवासी थे। मैं तो कहता हूं कि हनुमान भी आदिवासी थे। गर्व से कहो कि हम आदिवासी हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा को चुनाव के समय आदिवासियों की याद आती है। जबकि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों के साथ खड़ी रहती है। आदिवासी आने वाले समय में विधानसभा चुनाव में भाजपा को जवाब देगी। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित आदिवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में राजा-महाराजाओं की कहानी लिखी जाती है जबकि आदिवासी इतिहास रचते हैं। भाजपा के लोगों ने हमेशा आदिवासियों को नीचा दिखाने का प्रयास किया है।

इसके पहले विधायक सिंघार की अगुवाई में नगर में बाइक रैली निकाली गई। दोपहर को विजय स्तंभ से प्रारंभ रैली में डीजे के पीछे बड़ी संख्या में बाग और टांडा क्षेत्र से आए ग्रामीण युवा बाइक पर सवार होकर कांग्रेस का झंडा लहराते शामिल हुए। रैली के दौरान रास्ते में शुक्रवार को अनावरित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर सिंघार ने माल्यार्पण किया। सिंघार रैली के साथ जबरेश्वर मंदिर तक पैदल चले और वहां से पाडल्या घाट पहुंचकर टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सभा में उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लिया। लाड़ली बहना को लेकर तंज कसा कि सरकार के पास पैसे बांटने के लिए कोई प्रमाण नहीं है। सरकार के पास तीन-चार महीने का पैसा है। पेसा एक्ट को लेकर कहा कि केवल कागजों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अधिकार दिए हैं। माइनिंग से जुड़े अधिकार बड़े घरानों से लेकर गांव को देना चाहिए। सत्ता में आदिवासियों को अधिकार देने की पुरजोर मांग रखी। सभा को कई लोगों ने संबोधित किया।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *