सात साल पहले डकैती कर फरार आरोपित मुंबई में खोद रहा था गड्ढे

खंडवा ।  घासपुरा क्षेत्र में उर्दू स्कूल के पीछे रहने वाले अधिवक्ता गनी भाई फिदवी के घर डकैती डालने के मामले में सात से साल से फरार आरोपित विष्णु शिंदे को कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। जालना का रहने वाला विष्णु घटना के बाद से फरार था। वह मुंबई में पाइप लाइन के लिए गड्ढे खोदने का काम करते हुए पकड़ा गया। घासपुरा निवासी अधिवक्ता गनीभाई फिदवी के घर छह अगस्त 2016 की रात करीब तीन बजे 12 बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।

आठ आरोपितों को 2016 में पकड़ा था

स्वजन को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट कर बदमाश सऊदी अरब की मुद्रा सहित करीब 15 लाख के गहने और दस लाख रुपये ले गए थे। पुलिस ने 23 अगस्त 2016 को महाराष्ट्र और राजस्थान से आठ आरोपितों को पकड़ा था। तीन आरोपित जालना निवासी विष्णु पुत्र गंगाराम शिंदे और सलूजा कालोनी निवासी सद्दाम पुत्र सईद और शकील पुत्र जुम्मन हाथ नहीं आए थे। इसके बाद से पुलिस लगातार इन तीनों की तलाश कर रही थी। इस बीच शकील को पुलिस ने पकड़ लिया था। लेकिन विष्णु और सद्दाम का पता नहीं चल पा रहा था।

कोतवाली टीआइ बलराम सिंह राठौर को सूचना मिली कि विष्णु मुंबई में है। मंगलवार को उसकी लोकेशन मिलने पर टीआइ ने उसे पकड़ने के लिए टीम रवाना की। बुधवार को विष्णु को गिरफ्तार कर खंडवा लाया गया। उसे पकड़ने में प्रधान आरक्षक महेंद्र वर्मा की अहम भूमिका रही। आरोपित को तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ कर डकैती का माल जब्त किया जाएगा। अब इस मामले में एक आरोपित रह गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

चार साल पहले हुई नौ आरोपितों को सात साल की सजा

इस मामले में चार वर्ष पहले न्यायालय ने बाबूलाल पुत्र नागू राखुंडे (50 वर्ष) निवासी राजीव नगर बुरहानपुर, छन्नू पुत्र नन्नू (24 वर्ष) निवासी ग्राम टोकसर सनावद, उमेश पुत्र संपमत (26 वर्ष) बेनपुरा डोंगरी, पप्पू उर्फ जमनादास प्रजापति (45 वर्ष) शिवपुर रोड सिवनी मालवा, फारूख पुत्र छोटे खां (27 वर्ष) निवासी मानपुरा हरदा, मजहर उर्फ मोनू पुत्र सरदार खां (23 वर्ष) निवासी मानपुरा हरदा, आसिम उर्फ वसीम पुत्र सरदार खां (35 वर्ष) निवासी घासपुरा, इकलाख पिता रहीम (31 वर्ष) निवासी सलूजा कालोनी और अलीम उर्फ अल्लू पुत्र इब्राहिम निवासी मानपरा हरदा को सात साल की सजा से दंडित किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *