नववर्ष के मौके पर पूरी तरह यूरोपियन यूनियन में शामिल हुआ क्रोएशिया

जगरेब । क्रोएशिया शनिवार मध्यरात्रि को पूरी तरह से यूरोपीय संघ में शामिल हो गया। इसके साथ ही देश में यूरोपीय मुद्रा यूरो का इस्तेमाल शुरू हो गया है और दर्जनों सीमावर्ती जांच चौकियों को हटा दिया गया है। यूरोपीय महाद्वीप के बाल्कन क्षेत्र में पड़ने वाले छोटे से देश क्रोएशिया की आबादी लगभग 40 लाख है। तीन दशक पहले क्रोएशिया में हुए भयानक युद्ध के कारण पूरी दुनिया का ध्यान इस देश पर गया था। युद्ध में क्रोएशिया की अर्थव्यवस्था का लगभग चौथाई हिस्सा बर्बाद हो गया था। यूगोस्लाविया से स्वतंत्रता पाने के लिए हुए उस युद्ध में 20 हजार लोगों की मौत हो गई थी और लाखों लोग विस्थापित हो गए थे। यूरोपीय संघ (ईयू) में पूरी तरह शामिल होने के साथ ही अब क्रोएशिया के लोग बिना पासपोर्ट के 27 देशों वाले ईयू में स्वतंत्र रूप से घूम सकेंगे। यूरो को अपनाने से क्रोएशिया को इस मुद्रा का इस्तेमाल करने वाले 19 अन्य देशों और यूरोपीय सेंट्रल बैंक के साथ गहरे वित्तीय संबंधों से होने वाले लाभ भी मिलेंगे। इससे यात्रा और व्यवसाय करने में भी आसानी होगी तथा साथ ही विदेश जाने वाले क्रोएशियाई नागरिकों के लिए मुद्रा विनिमय की परेशानी भी दूर होगी। क्रोएशिया 2013 में यूरोपीय संघ में शामिल हुआ था लेकिन यूरो को अपनाने के लिए देश को स्थिर विनिमय दर नियंत्रित मुद्रास्फीति और बेहतर सार्वजनिक व्यय सहित सख्त आर्थिक शर्तों को पूरा करना था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *