खंडवा में महिलाओं ने रोड पर किया चक्काजाम, नगर निगम के खिलाफ लगाए नारे

खंडवा ।   सुंदर नगर क्षेत्र की समस्याएं हल नहीं होने से नाराज महिलाओं ने मंगलवार को नगर निगम के सामने रोड पर चक्का जाम कर दिया। करीब 15 मिनट तक महिलाएं रोड पर बैठकर नगर निगम हाय हाय के नारे लगाती रही। इस दौरान उनके साथ नगर निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर भी मौजूद रहे। चक्काजाम की वजह से रोड के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचे और महिलाओं सहित नेता प्रतिपक्ष को समझाइश देने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने कहा कि हम महिलाओं के साथ क्षेत्र की समस्या लेकर नगर निगम में महापौर अमृता यादव के समक्ष पहुंचे तो महापौर ने अभद्र व्यवहार किया। महापौर ने मुझे बात करने से चुप करा दिया और कहा कि महिलाएं समस्या लेकर आई हैं उन्हें बोलने दो। मैं नेता प्रतिपक्ष हूं। जनप्रतिनिधि हूं। क्या मैं शहर की समस्याओं को लेकर महापौर से बात नहीं कर सकता।

एमआइसी सदस्य ने किया चक्काजाम

महापौर का व्यवहार ठीक नहीं था। अब हम चक्काजाम से तभी उठेंगे जब मौके पर कलेक्टर सुनवाई करने के लिए आएंगे। हालांकि 15 मिनट तब चक्काजाम के बाद मौके पर पहुंचे नगर निगम के एमआइसी सदस्य राजेश यादव और सोमनाथ काले की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हो गया।

ड्रेनेज का पानी क्षेत्र में छोड़ दिया

क्षेत्र में मूलभूत समस्याओं से परेशान महिलाओं से नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे ने चर्चा की। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि उनके क्षेत्र में रोड और नालियां नहीं है। वर्षा के दिनों में कीचड़ जमा हो जाता है। पास ही स्थित अभिनव सिटी कालोनी के ड्रेनेज का पानी हमारे क्षेत्र में छोड़ दिया गया है। इससे भी गंदगी फैल रही है। महिलाओं ने यह भी कहा कि हमारे क्षेत्र में कई लोगों ने अवैध नल कनेक्शन भी ले रखे हैं। इस वजह से अवैध कनेक्शन लेने वालों को पीने का पानी नहीं मिल पाता।

एक साल बीतने के बाद भी विकास कार्य नहीं हुए

निगमायुक्त ने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन महिलाओं को दिया है। नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने कहा कि नगर निगम चुनाव के दौरान सुंदर नगर क्षेत्र के लोगों से वादा किया गया था कि रोड और नाली का निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे लेकिन एक साल बीतने के बाद भी कोई विकास कार्य नहीं हुए हैं जनता की समस्याओं को लेकर हम आवाज उठाते रहेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *