सिंधिया  के गढ 22 जुलाई को होगी प्रियंका गांधी की सभा

ग्वालियर । केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ कहे जाने वाले ग्वालियर में अब कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की जनसभा होगी। इसके लिए 22 जुलाई की तिथि तय की गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं की सभाएं संभागीय मुख्यालयों पर होंगी। यह जानकारी पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के आवास पर सोमवार को हुई राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में दी गई। समिति की बैठक में भाग लेने के लिए केसी वेणुगोपाल विशेष तौर पर भोपाल आए थे। इसके पहले उन्होंने कमल नाथ के साथ अलग से चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजपा सरकार में हो रहे 50 प्रतिशत कथित भ्रष्टाचार को प्रमुखता से उठाया जाएगा। तथ्यों के साथ आरोप पत्र जारी कर प्रश्न उठाए जाएंगे। पेट्रोल, डीजल, सब्जी सहित प्रतिदिन के उपयोग में आने वाली वस्तुओं की बढ़ती कीमत को मुद्दा बनाएं। सहयोगी संगठन सक्रिय भूमिका निभाएं। जिन सीटों पर पार्टी को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है, वहां वरिष्ठ नेता ध्यान दें। सभी प्रभार के क्षेत्रों में दौरे बढ़ाएं। मतदाता सूची के काम पर पैनी नजर रखें। मतदान केंद्र स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करें और सरकार में आने पर पार्टी ने सौ रुपये में सौ यूनिट बिजली फ्री और दो सौ यूनिट आधी दर पर देने, महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह, पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, पुरानी पेंशन बहाली, किसानों की ऋण माफी की जो गारंटी दी है, उसे घर-घर तक पहुंचाने का काम करें। बैठक में बताया गया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रम संभागीय मुख्यालयों पर होंगे। जबलपुर के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा 22 जुलाई को ग्वालियर आएंगी। वहां जनसभा को संबोधित करेंगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के कार्यक्रम भी तय किए जा रहे हैं। कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्री और संगठन पदाधिकारी भी प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में आएंगे। इसके लिए प्रदेश संगठन को कार्यक्रम प्रस्तावित करने के लिए कहा गया। केसी वेणुगोपाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। सभी वरिष्ठ नेता पूरी ताकत के साथ एकजुटता के साथ जुट जाएं। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने बताया कि कांग्रेस अब तक के सबसे मजबूत संगठन के साथ विधानसभा चुनाव में उतरेगी। सभी ने एक-एक बूथ मजबूत करने का संकल्प लिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *