छड़ी मुबारक के दर्शन के साथ अमरनाथ यात्रा समाप्त

श्रीनगर। बाबा अमरनाथ की यात्रा गुरूवार को छड़ी मुबारक के दर्शन के साथ समाप्त हो गई। छड़ी मुबारक भगवा कपड़े में लिपटी भगवान शिव की पवित्र छड़ी है। जो 26 अगस्त को श्रीनगर के एक अखाड़े से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकली थी।
महात्माओं और साधु संतों के साथ 30 अगस्त को वो शेषनाग से पंजतरणी के लिए रवाना हुई थी। आज वो पवित्र गुफा पहुंचेगी और पूजा-अर्जना करके दर्शन करेगी। महंत दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व में उगते सूरज के साथ उसकी पवित्र गुफा में स्थापना की जाएगी। इसके बाद उसे वापस श्रीनगर स्थित अखाड़े में ले जाया जाएगा। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक, इस साल पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार अमरनाथ गुफा के दर्शन करने ज्यादा भक्त आए।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमरनाथ यात्रा संपन्न होने के बाद इसके दोनों रास्तों पर सफाई का अभियान चलेगा। अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के सदस्य और स्थानीय लोग रास्तों को साफ करेंगे। बाबा बर्फानी की गुफा तक पहुंचने के दो रास्ते हैं। पहला पहलगाम, ये पारंपरिक रास्ता है, जिसकी चढ़ाई आसान है। करीब 47 किमी के इस रास्ते को तय करने में 2-3 तीन दिन लग जाते हैं। दूसरा रास्ता है वाया बालटाल। ये नया ट्रैकिंग रूट है, जो 14 किमी यानी पहलगाम के मुकाबले आधे से भी कम है। इसकी चढ़ाई एक दिन में की जा सकती है।
इस साल 1 जुलाई को शुरू हुई अमरनाथ यात्रा ने 37 दिन बाद 6 अगस्त को पिछले साल दर्शन करने आए श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस तारीख तक लगभग 4 लाख 17 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। जबकि पिछले साल पूरे सीजन में 3 लाख 65 हजार यात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *