‘इंडिया के पास पीएम पद के लिए कई विकल्प: उद्धव ठाकरे 

मुंबई । विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया के पास प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने के लिए कई विकल्प हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास केवल एक ही विकल्प है। यह कहना है शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे का। श्री ठाकरे ‘इंडिया की दो दिवसीय बैठक के आयोजन स्थल ग्रैंड हयात होटल में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
 उद्धव ठाकरे ने एक सवाल के जवाब में कहा, “प्रधानमंत्री पद के लिए विकल्प के बारे में सवाल भाजपा से पूछा जाना चाहिए, जिसके पास पिछले नौ वर्षों से केवल एक ही विकल्प है, जो हमने देखा है। ‘इंडिया गठबंधन के पास प्रधानमंत्री पद के लिए कई विकल्प हैं। भाजपा के पास क्या विकल्प हैं?”उन्होंने “रक्षा बंधन” के उपहार के रूप में रसोई गैस की कीमतों में प्रति सिलेंडर 200 रुपये की कटौती करने के फैसले को लेकर भी केंद्र पर कटाक्ष किया। सरकार ने घरों में इस्तेमाल की जाने वाली रसोई गैस की कीमतों में कटौती करने की मंगलवार को घोषणा की थी। उद्धव ठाकरे ने कहा, “क्या पिछले नौ वर्षों में कोई रक्षाबंधन नहीं था? ‘इंडिया (गठबंधन) के आगे बढ़ने पर एलपीजी सिलेंडर मुफ्त दिए जाने लगेंगे। चाहे वे कुछ भी करें, लोग होशियार हैं और सब कुछ समझते हैं।”
मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के आर्थिक परिवर्तन के लिए नीति आयोग के मास्टरप्लान पर एक प्रश्न का उत्तर देते हुए, ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी केंद्र सरकार के ऐसे किसी भी दखलंदाजी वाले कदम का विरोध करेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या विपक्षी गठबंधन के लिए एक संयोजक नियुक्त किया जाएगा, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “बैठक और विचार-विमर्श होने का इंतजार करें।” भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन राजग पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने सवाल किया, “क्या कोई जानता है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का संयोजक कौन है?”
राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि 31 अगस्त और एक सितंबर को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया की तीसरी बैठक में 28 राजनीतिक दलों के 63 प्रतिनिधि शामिल होंगे। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, पवार ने विश्वास जताया कि विपक्षी गठबंधन राजनीतिक परिवर्तन लाने के लिए एक मजबूत विकल्प प्रदान करेगा। पवार ने कहा कि ‘इंडिया में सीट बंटवारे पर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि राकांपा को लेकर कोई भ्रम नहीं है। पिछले महीने महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हुए अपने भतीजे अजित पवार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “छोड़कर जाने वालों को जनता सबक सिखाएगी।” 
बसपा प्रमुख मायावती के बारे में पूछे जाने पर पवार ने कहा,“यह पता नहीं है कि वह किसके पक्ष में हैं। इससे पहले वह भाजपा के साथ बातचीत कर चुकी हैं।”पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने कहा कि 2019 में गैर-भाजपा दलों को 23 करोड़ मत मिले, जबकि भाजपा को 22 करोड़ वोट मिले। उन्होंने कहा, “अगर हम मिलकर काम करें, हम जीत सकते हैं।” पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि विभिन्न विचारधाराओं से जुड़े विपक्षी दलों के गठबंधन का एक साझा उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा करना है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *