भाजपा उपाध्यक्ष असीम राय की रविवार रात गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद सोमवार को इलाके में तनाव बना

कांकेर । छत्‍तीसगढ़ के कांकेर जिले के भाजपा उपाध्यक्ष असीम राय की रविवार रात गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद सोमवार की सुबह से इलाके में तनाव बना हुआ है। राय के समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। जगह-जगह रास्ता जाम कर हमलावरों को चिह्नित कर गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। इधर, परलकोट क्षेत्र में बंद का व्यापक असर हुआ है। पखांजुर पुराने बाजार चौक, कापसी बाजार चौक मुख्य सड़क पर प्रदर्शन जारी है। इलाके में दुकान-बाजार बंद हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अब तक हमलावरों का सुराग नहीं मिल पाया है।

कांकेर में भाजपा उपाध्‍यक्ष की हत्‍या

बतादें कि कांकेर के पखांजूर में रविवार रात आठ बजे भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुराना बाजार इलाके में हुई वारदात के बाद असीम के समर्थकों ने हंगामा मचाया। कांग्रेस पार्षद विकास पाल पर हत्या का आरोप लगाते हुआ उनकी लाज में तोड़फोड़ की।

हत्या के विरोध में सोमवार काे भाजपा ने नगर बंद का आह्वान किया है। पुलिस के अनुसार एसडीओपी कार्यालय के पास स्वयं के काम्प्लेक्स से घर जाते समय असीम को गोली मारी गई। डाक्टर पीयूष टोप्पो ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी। उन पर आठ वर्ष पहले भी आपसी रंजिश को लेकर हमला किया था, तब हमलावरों की चलाई गई गोली उनके हाथ को छूकर निकल गई थी।

भाजपा का आरोप, सुपारी देकर कराई गई हत्या

बताया जा रहा है कि कांग्रेस के कब्जे वाली पखांजूर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद को लेकर विवाद चल रहा था। 15 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होनी थी। कांग्रेस के बप्पा गांगुली अध्यक्ष हैं, जिनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाया गया है।

प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य नरोत्तम सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्षद विकास पाल और नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि असीम की अगुवाई में ही अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। पार्षद विकास की अवैध लाज पर कार्रवाई होनी थी। इसीलिए उन्होंने सुपारी देकर हत्या कराई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *