कांग्रेस आणंद से अमित चावड़ा और अहमदाबाद पूर्व से हिम्मतसिंह पटेल को उम्मीदवार बना सकती है

अहमदाबाद| पूर्व केन्द्रीय मंत्री और गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रमुख भरतसिंह सोलंकी के चुनाव लड़ने से इंकार करने के बाद अब चर्चा है कि कांग्रेस आणंद लोकसभा सीट से आंकलाव से विधायक अमित चावड़ा को टिकट दे सकती है| जबकि अहमदाबाद पूर्व सीट से रोहन गुप्ता के इंकार के बाद कांग्रेस पूर्व विधायक हिम्मतसिंह पटेल को उम्मीदवार बना सकती है| हिम्मतसिंह पटेल शहर कांग्रेस के प्रमुख और पूर्व महापौर हैं| गुजरात में 26 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भावनगर और भरुच सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार होंगे| गुजरात में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन हुआ है| आप ने भावनगर और भरुच सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है| जबकि कांग्रेस ने अब तक केवल 7 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की है| जिसमें अहमदाबाद पूर्व सीट से रोहन गुप्ता ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया| वहीं आणंद लोकसभा सीट से भरतसिंह सोलंकी भी चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है| इस बीच खबर है कि कांग्रेस विधायक अमित चावड़ा आणंद लोकसभा सीट से उम्मीदवार हो सकते हैं| आणंद सीट पर अमित चावड़ा का नाम करीब करीब तय हो चुका है और केवल घोषणा होना बाकी है| दरअसल आणंद में अपना वर्चस्व बरकरार रखने के लिए अमित चावड़ा चुनाव लड़ने को तैयार हुए हैं| आणंद सीट पर पहले से ईश्वरसिंह चावड़ा और माधवसिंह सोलंकी के समय से कांग्रेस का वर्चस्व रहा है| दूसरी ओर अहमदाबाद पूर्व लोकसभा सीट से कांग्रेस हिम्मतसिंह पटेल को उम्मीदवार बना सकती है| अहमदाबाद पूर्व सीट पर पहले रोहन गुप्ता और हिम्मतसिंह पटेल के नाम की चर्चा थी| जिसमें कांग्रेस ने रोहन गुप्ता को अहमदाबाद पूर्व सीट से उम्मीदवार घोषित किया था| लेकिन अपने पिता की खराब तबियत का हवाला देकर रोहन गुप्ता ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया| रोहन गुप्ता के हटने के बाद अब कांग्रेस हिम्मतसिंह पटेल को अहमदाबाद पूर्व सीट पर उतार सकती है| 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *