मां के अवैध संबंध के चलते बेटी संग दुष्कर्म कर हत्या, फिर महिला को भी मार डाला

अनूपपुर ।   अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना अंतर्गत दोहरे हत्याकांड का खुलासा शनिवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, शहडोल डीसी सागर ने किया। पत्रकार वार्ता में बताया कि 12 साल की बच्ची ने मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। प्रेमी ने बच्ची को रास्ते से हटाने के लिए पहले उसके साथ दुष्कर्म किया, उसके बाद उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके पश्चात जब शाम को प्रेमी मिला तो उसे पुत्री के संबंध में पूछताछ की, जिस पर आरोपित प्रेमी ने मां को भी गला घोंटकर मार डाला और उसके शव को फंदे पर लटका दिया। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

अवैध संबंध के चलते बालिका की गई जान

21 मार्च को ग्राम कदमसरा निवासी नाबालिग बच्ची (12) का शव गांव के पास नाले के किनारे जंगल की झाड़ियों में मिला था। इसके साथ ही उसकी मां का शव घर पर फांसी के फंदे पर लटकता हुआ पाया गया था। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी। एडीजीपी ने बताया कि जांच के दौरान 20 मार्च को आरोपित राजेश उर्फ गोलू पनिका, मृत्तिका रूपा के पति नीलू पनिका के सुबह मजदूरी करने जाने के बाद उसके घर गया। जहां मृतिका की बालिका ने राजेश उर्फ गोलू एवं बालिका की मां रूपा को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।

इसके बाद से ही राजेश उर्फ गोलू ने अनैतिक संबंध की बदनामी से बचने के लिए बालिका को हटाने का प्लॉन बनाया। इसके लिए आरोपित ने बालिका को उसकी मां के घर में पेंट करने वाला ब्रश राजनारायण के घर से लाने को कहा तथा बालिका को 50 रुपये देकर तम्बाकू का पाउच किराना दुकान से लाने तथा बचे हुए पैसे स्वयं रखने के लिए लालच देकर भेज दिया। बालिका जैसे ही बाहर गई, राजेश उर्फ गोलू ने बालिका को अगवाकर गांव के पास जंगल ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया तथा पत्थर से मारकर, धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर गांव से फरार हो गया। 

मां ने बेटी के बारे में पूछा तो उसकी भी हत्या कर फंदे से लटका दिया शव

मृत बालिका की मां रूपा बालिका की दिन भर तलाश एवं इंतजार करती रही। शाम को 7-8 बजे राजेश उर्फ गोलू जब अपने मित्र लवकुश के घर सोने के लिए जा रहा था। तब मां रूपा ने राजेश से बालिका का संबंध में पूछताछ करने लगी, जिसे लेकर रूपा और राजेश के बीच झगड़े के साथ विवाद हुआ। इस पर आरोपित ने रूपा पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इस पर आरोपित ने रस्सी से महिला के गले में फंदा लगा कर दम घोंटने की कोशिश की और रस्सी से पटाव की लकड़ी से बांधकर रूपा को फांसी पर लटका दिया। इससे रूपा की मौत हो गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *