रेलवे पुलिस ने दिल्ली के 5 स्कूली बच्चों को बिकने से बचाया

नई दिल्ली । दिल्ली से 5 स्कूली बच्चों को कथित तौर पर अगवा करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी सेतु वर्मा (22) इन बच्चों को उत्तर प्रदेश में ‘बेचने’ की फिराक में था, लेकिन समय रहते पुलिस ने बच्चों को बचा लिया. सभी बच्चों को उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया है. रेलवे पुलिस की एक टीम ने 18 मार्च को शाम करीब ६.३० बजे नरेला रेलवे स्टेशन पर 5 बच्चों को स्कूल की वर्दी और बैग के साथ एक युवक संग देखा. 
दिल्ली पुलिस का कहना है कि, इस पर पुलिस को उस व्यक्ति की गतिविधि पर संदेह हुआ. डीसीपी रेलवे केपीएस मल्होत्रा ​​ने कहा कि पुलिस दल ने जब बच्चों से पूछताछ शुरू की तो वह व्यक्ति मौके से भाग गया. बच्चों ने पुलिस को बताया कि वे अपने गांव में ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे, तभी वर्मा ने उन्हें बिस्कुट देकर बहलाया और उनको स्टेशन ले आया. वर्मा बच्चों को उत्तर प्रदेश के हरदोई में स्थित अपने मूल स्थान पर ले जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर लाया था. प्रारंभिक जांच के दौरान यह पाया गया कि दिल्ली में मोमबत्ती बनाने वाली फैक्टरी में काम करने वाले वर्मा ने बच्चों का अपहरण उन्हें उप्र में बेचने के इरादे से किया. टीम ने बच्चों की कॉपी देखी तो उनके स्कूल के नाम का पता चला. इसके बाद पुलिस ने स्कूल के प्रधानाचार्य से संपर्क किया और उन्हें बच्चों के अपहरण के बारे में बताया. पुलिस ने बाद में बच्चों को उनको परिवार के हवाले कर दिया. पुलिस ने कहा कि सब्जी मंडी रेलवे पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 363 (अपहरण) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *