मप्र के अधिकतर शहरों में बादल छाने के आसार 

 भोपाल । प्रदेश के अधिकतर शहरों में शनिवार से बादल छाने के आसार हैं। सात-आठ अप्रैल को राजधानी सहित कई शहरों में वर्षा भी हो सकती है। प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। हवाओं का रुख अभी पश्चिमी है, इस वजह से तपिश बरकरार है। हालांकि हवाओं के साथ अरब सागर से कुछ नमी आने से ऊंचाई के स्तर पर बादल छा रहे हैं। शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात भी बना है। इसके अतिरिक्त दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी हुई है।  मौसम शुष्क बना रहने से अभी दो दिन तक तपिश बरकरार रहने की बात कही जा रही है। छह अप्रैल से मौसम के मिजाज में कुछ परिवर्तन हो सकता है। प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल छाने लगेंगे। साथ ही कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बूंदाबांदी का सिलसिला भी शुरू हो सकता है। सात-आठ अप्रैल को राजधानी सहित प्रदेश के कई शहरों में तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ वर्षा होने की भी संभावना है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इन मौसम प्रणालियों के अलावा अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी में प्रति चक्रवात भी मौजूद हैं। इस वजह से हवाओं का रुख पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं के साथ कुछ नमी आने की वजह से ऊंचाई के स्तर पर बादल बने हुए हैं। शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकतर शहरों में आंशिक बादल बने रहने की संभावना है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *