ईरान के होरमूज आइलैंड में मसालों की जगह मिट्टी डालकर खाते हैं लोग

तेहरान । खाने-पीने के मामले में दुनिया के अलग-अलग देशों में भिन्न-भिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए जाते हैं लेकिन इन्हें बनाने के लिए मसालों का इस्तेमाल जरूर किया जाता है। बिना मसालों के खाने में किसी भी प्रकार का स्वाद नहीं आता। आज हम आपको दुनिया के एक ऐसे स्थान के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां के लोग खाने में मसालों की जगह मिट्टी का इस्तेमाल करते हैं। दरअसल, यहां की मिट्टी बेहद स्वादिष्ट होती है और इसके साथ ही सेहतमंद भी, इसलिए लोग मिट्टी को खाने में मसाले की तरह इस्तेमाल करते हैं।
दरअसल, हम बात कर रहे हैं ईरान के होरमूज आइलैंड की। बता दें कि खूबसूरत पहाड़ों की वजह से यह आईलैंड वहां के लोगों के लिए बेहद खास है, लेकिन इन पहाड़ों की सबसे खास बात यह है कि यहां की मिट्टी रंग-बिरंगी है। इस वजह से इस आईलैंड को रैनबो आईलैंड के नाम से भी जाना जाता है। यही नहीं, यहां पर आने वाले पर्यटक भी इन पहाड़ों की मिट्टी का स्वाद लेना नहीं भूलते। हालांकि, पहले तो वह मिट्टी खाने से कतराते हैं, लेकिन जब उनका गाइड उन्हें मिट्टी खाने की सलाह देता है तो वह शौक से उसे खाते हैं और दंग रह जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि यह खूबसूरत आईलैंड फारस की खाड़ी में स्थित है और यहां की मिट्टी में भरपूर खनिज है। एक रिपोर्ट के मुताबिक यहां की मिट्टी में बहुत ज्यादा आयरन और लगभग 70 तरह के खनिज पाए जाते हैं। यही नहीं, यहां के पहाड़ों पर नमक के टीले भी मौजूद हैं। इन पहाड़ों पर शैल, मिट्टी और आयरन की परतें जमी हुई हैं, जिसकी वजह से पहाड़ रंग-बिरंगे नजर आते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *