बरेली में जीपीएस के सहारे चल रही कार नदी में गिरी, तीन की मौत  

बरेली । यूपी के बरेली में एक चौंका देने वाला सड़क हादसा हुआ है। बरेली में निर्माणाधीन पुल से रामगंगा नदी में कार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। इसका कारण गलत जीपीएस नेविगेशन बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही फरीदपुर बरेली और जिला बदायूं थाना दातागंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे तीन कार सवार बरेली दिशा से दातागंज जिला बदायूं जा रहे थे। रास्ते की जानकारी के लिए कार में जीपीएस नेविगेशन का इस्तेमाल किया जा रहा था। यहीं अधूरे रामगंगा पुल पर हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि 2 साल पहले बाढ़ आने से पुल पर दोनों दिशाओं में एप्रोच रोड बह गई थी। इससे इस पर आवागमन नहीं हो रहा था। हालांकि जीपीएस नेविगेशन में इसका अपडेट नहीं किया गया। इससे अपनी रफ्तार से चल रहे कार सवार पुल से सीधे कई फीट नीचे नदी में जा गिरे और उनकी मौत हो गई। 
बताया जा रहा है कि लोक निर्माण विभाग ने पुल पर दोनों और संकेतक और अवरोधक नहीं लगाए थे। जीपीएस नेविगेशन भी अपडेट नहीं किया गया था। लोक निर्माण विभाग बदायूं को पुल पर दोनों ओर एप्रोच रोड बनाना था। करीब 2 साल से पुल अधूरा पड़ा है, जिससे आवागमन नहीं हो रहा था। जीपीएस में अपडेट नहीं होने और अवरोधक आदि न लगने से बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, इस हादसे के शिकार विवेक कुमार और कौशल कुमार फर्रुखाबाद जनपद से थे। तीसरे युवक की पहचान नहीं हो पाई है। बरेली पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *