लैलूंगा पुलिस ने 10 किलो गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया, 1.7 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में लैलूंगा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 10 किलो गांजा बरामद हुआ। टीआई लैलूंगा, राजेश जांगड़े को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर प्लेट वाली सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर ओडिशा से गांजा लेकर लैलूंगा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम जमुना में अस्थाई बेरियर लगाकर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अशोक कुमार पाल (38 वर्ष), निवासी मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो उसने कबूल किया कि वह पेट्रोल टंकी के ऊपर और पीठठू बैग में अवैध गांजा छिपाकर ले जा रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों बैग से 10 पैकेट बरामद किए, जिनमें कुल 10 किलो गांजा था। जब्त गांजे की कीमत ₹1,00,000 आंकी गई है, जबकि मोटरसाइकिल की कीमत ₹70,000 है, इस प्रकार कुल ₹1,70,000 की संपत्ति जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक चंदन सिंह नेताम, खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक सुमेश गोस्वामी, आरक्षक सुरेश मिंज, आरक्षक अरुण एक्का और सुखदेव साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की बात कही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *