पुलिस ने डिंपल यादव के रोड शो में आचार संहिता उल्लंघन के मामले में दर्ज किया मुकदमा

मिल्कीपुर (अयोध्या)। सपा सांसद डिंपल यादव के रोड-शो में आचार संहिता का उल्लंघन हुआ। अनुमति से अधिक वाहन रोड-शो में शामिल थे, इसके अतिरिक्त मार्ग पर सपा कार्यकर्ताओं के वाहनों के कब्जे से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसे लेकर थाना इनायतनगर में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। उप चुनाव में यह पहला आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा है। यह मुकदमा उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने दर्ज कराया है।

सपा प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो करने गईं थी डिंपल यादव
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव को लेकर गुरुवार को सांसद डिंपल यादव सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद के समर्थन में रोड-शो करने आईं थीं। उप निरीक्षक की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार रोड-शो के लिए कुल 85 वाहनों तथा दो ध्वनि विस्तारक यंत्रों की अनुमति मांगी गई थी, जबकि रोड-शो में अनुमति के विपरीत कृत्य किया गया।

रैली में 150 बाइक, 150 चार पहिया वाहन शामिल रहे। रोड-शो के दौरान आम यात्रियों का आवागमन अवरुद्ध हुआ। अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं ने प्रचार में निर्धारित संख्या से अधिक वाहनों का उपयोग कर दोनों लेन बाधित कीं, जिससे आवागमन की समस्या उत्पन्न हुई।

आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद के समर्थन में सपा सांसद डिंपल यादव, प्रिया सरोज, रागिनी सोनकर और जूही सिंह के रोड शो में अनुमति से अधिक वाहनों का प्रयोग किया गया, जिसे आदर्श चुनाव संहिता का उल्लंघन मानते हुए प्राथमिकी कराई गई है।

सपा की जीत से देश- विदेश में होगी मिल्कीपुर की चर्चा: डिंपल
पांच फरवरी को होने जा रहे मिल्कीपुर उप चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी प्रत्याशी अजीत प्रसाद के पक्ष में माहौल बनाने के लिए सांसद डिंपल यादव ने लगभग 10 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। महर्षि वामदेव मंदिर में पूजा के बाद उनका रोड शो दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर कुमारगंज से शुरू होकर सायं 5.20 बजे मिल्कीपुर पेट्रोल पंप पर समाप्त हुआ। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, नेता व पदाधिकारी शामिल रहे।

जोश व उत्साह का आलम रहा कि कार्यकर्ता डिंपल यादव के रथ के साथ अखिलेश यादव का नारा लगाते हुए दौड़ते हुए चल रहे थे। डिंपल भी अभिवादन के साथ उनमें जोश भर रही थीं। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने डिंपल पर फूल बरसाए। बुके देकर स्वागत किया। रथ पर डिंपल के साथ विधायक रागिनी सोनकर, मछली शहर सांसद प्रिया सरोज, जूही सिंह, सांसद अवधेश प्रसाद व पार्टी प्रत्याशी अजीत प्रसाद सवार रहे।

डिंपल काे देखने के लिए आसपास के गांवों की महिलाएं भी उमड़ीं। बड़ी संख्या में जुटे लोगों को देख कर उत्साहित डिंपल बोलीं यह जोश मतदान के दिन तक बना रहना चाहिए, तभी मिल्कीपुर के साथ अयोध्या की फिर देश-विदेश चर्चा होगी। कहा, अजीत प्रसाद को बड़े अंतर से जिता कर विधानसभा पहु़ंचाएं।

कहा कि जुटी भीड़ ने मैनपुरी को भी पीछे छोड़ दिया, जिस तरीके से अयोध्या सीट से अवधेश प्रसाद को सांसद बना कर पूरे देश व विश्व को संदेश दिया है उसी तरीके से मिल्कीपुर उप चुनाव में सपा की जीत भी भारतीय जनता पार्टी को आईना दिखाएगी। आपको एक-एक मतदाता को बूथ पर ले जाकर वोट डलवाना है। शासन प्रशासन से आपको डरना नहीं है। आपको यह सीट जीत कर कर 2027 का संदेश देना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *