मोहन कैबिनेट में वृंदावन ग्राम योजना पर डिस्कसन:2000 आबादी और 500 गोवंश वाले गांवों को वृंदावन ग्राम बनाने पर लगेगी मुहर

मोहन कैबिनेट आज वृंदावन ग्राम योजना में शुरू किए जाने वाले कामों को मंजूरी देगी। कैबिनेट में दो हजार की आबादी और कम से कम पांच सौ गोवंश वाले गांवों को वृंदावन ग्राम के रूप में विकसित करने पर मुहर लगाई जा सकती है। इस बैठक में सिंचाई परियोजनाओं पर फैसले लिए जा सकते हैं। साथ ही मंत्रियों को बारिश और त्यौहारों के दौरान अलर्ट रहने के निर्देश मुख्यमंत्री देंगे। प्रभार के जिलों में इसको लेकर बैठक करने पर भी कैबिनेट में चर्चा होना तय माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट बैठक 15 दिन बाद आज होने वाली है। पिछले मंगलवार को वाराणसी में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई सुरक्षा व्यवस्था संबंधी बैठक के चलते कैबिनेट बैठक नहीं हो पाई थी। आज होने वाली कैबिनेट बैठक में वृंदावन योजना को लेकर फैसले होंगे। इसमें ग्रामीणों को पशुपालन से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने और जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए फैसले किए जाएंगे। पूर्व में सरकार प्रदेश के 313 विकासखंडों में एक-एक वृंदावन ग्राम बनाने का फैसला ले चुकी है।

कलेक्टर करेंगे वृंदावन ग्रामों का चयन

वृंदावन ग्राम का एक आधार पशुओं के लिए चारे, पानी के साथ परिवहन की अच्छी व्यवस्था भी रखा गया है। वृंदावन ग्राम का चयन प्रभारी मंत्री के परामर्श से कलेक्टर करेंगे। योजना के पर्यवेक्षण के लिए जिला अधिकारियों की समिति भी बनाई जाएगी। गौरतलब है कि मोहन सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान वृंदावन ग्राम योजना के लिए किया है।

सिंचाई परियोजनाओं को मिलेगी मंजूरी

बैठक में सिंचाई परियोजनाओं से संबंधित प्रस्ताव भी लाए जाएंगे, जिसे मंजूरी दी जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कैबिनेट में वाराणसी में हुई चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मुख्य सचिवों की बैठक के बारे में भी कैबिनेट के सदस्यों को जानकारी देंगे। इसके साथ ही सावन और भादों मास में पड़ने वाले त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था और बारिश के चलते जिलों में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बनने देने के लिए मुख्यमंत्री मंत्रियों को प्रभार के जिलों में दौरा करने और अलर्ट रहने के निर्देश देंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *