मुजफ्फरनगर: दबिश के दौरान पुलिस टीम पर हमला, परिजनों ने हाथापाई कर वांछित आरोपी को छुड़ाया, मौके से फरार

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस की टीम एनडीपीएस एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया था, लेकिन मौके पर पहुंचे परिजनों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया और धक्का-मुक्की करते हुए आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर फरार करा दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पूर्व सभासद को पकड़ने गई थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, खतौली कोतवाली क्षेत्र के देवीदास मोहल्ले में पुलिस टीम पूर्व सभासद विनोद शेरवान को एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित होने पर गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन इसी दौरान परिजन मौके पर पहुंच गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

भीड़ ने पुलिस टीम से की धक्का-मुक्की

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिजनों और समर्थकों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और भीड़ ने आरोपी को पुलिस की पकड़ से छुड़ा लिया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को पीछे हटना पड़ा।

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं और पुरुष पुलिसकर्मियों से झगड़ते हुए आरोपी को छुड़ाकर ले जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय

घटना के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

CO खतौली का बयान

सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के वांछित आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन परिजनों ने पुलिस टीम पर बल प्रयोग और अभद्रता करते हुए उसे छुड़ा लिया।

उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *