भोपाल के हथाईखेड़ा में एक और जमीन विवाद:हिन्दू श्मशान पर कब्जे की शिकायत; SDM ने 23 सितंबर को दस्तावेज मांगें

भोपाल में सरकारी जमीनों पर कब्जे के 2 बड़े मामलों के बीच एक और जमीन विवाद सामने आया है। हथाईखेड़ा स्थित हिन्दू कब्रिस्तान (श्मशान) पर कब्जा किए जाने की शिकायत गोविंदपुरा एसडीएम रवीशकुमार श्रीवास्तव से की गई है। इस मामले में एसडीएम ने दोनों पक्षों को दस्तावेज समेत तलब किया है।

23 सितंबर को दोनों पक्ष अपने-अपने दस्तावेज एसडीएम के सामने पेश करेंगे। एसडीएम ने अपने आदेश में साफ कहा है कि संपत्ति पर वास्तविक कब्जे के संबंध में अपना दावा, दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह है मामला हरिओम शर्मा ने एसडीएम को आवेदन दिया था। जिसमें बताया था कि हथाईखेड़ा सिविल अस्पताल से लगी जमीन खसरा नंबर-45 पर मुगारिक मियां ने अवैध ढांचा बनाकर एवं वक्फ बोर्ड अंकित कर कब्रिस्तान का बोर्ड लगा दिया।

15 अगस्त-25 से अब तक तीन शव भी दफना दिए, जबकि खसरा नंबर-45 के आसपास सिर्फ हिंदू, बौद्ध और सिख परिवार ही निवास करते हैं। उक्त खसरा शासकीय एवं हिंदू बच्चों को दफनाने का कब्रिस्तान है। दूसरी ओर, अनंतपुरा में मुस्लिम परिवार निवास करते हैं। वे खसरा नंबर-110 में शव दफनाते हैं।

अवैध कब्जे की जांच करने के लिए टीम बनाई इधर, हथाईखेड़ा अस्पताल के पास सरकारी जमीन पर टीन शेड का निर्माण, दुकान आदि बनाने की शिकायत के बाद एक राजस्व निरीक्षक और चार पटवारियों को जांच सौंपी गई है। राजस्व निरीक्षक जगदीश पटेल, पटवारी सुरेंद्रप्रताप सिंह यादव, आशीष मिश्रा, महेश राजन और विमलेश गुप्ता को जांच देने को कहा गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *