सिंधिया बोले- मोदी के साथ 130 करोड़ लोग

भोपाल । केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विपक्ष की एकजुटता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने नौ साल पहले प्रधानमंत्री नहीं बल्कि प्रधान सेवक, प्रधान रक्षक के रूप में काम करने का संकल्प लिया है। उनके साथ देश की 130 करोड़ जनता खड़ी है। ऐसे में विपक्ष में खलबली तो होगी ही। इसी वजह से देर रात तक बैठकें हो रही हैं।
दिल्ली में विपक्ष के नेताओं ने बुधवार को बैठक की थी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बुधवार को दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलने पहुंचे थे। इसे लेकर भाजपा हमलावर है। इसी कड़ी में सिंधिया ने कह दिया कि विपक्ष में खलबली है। तभी तो देर रात को बैठकें हो रही हैं। दिनदहाड़े बैठकें नहीं हो रही हैं, देर रात को बैठकें हो रही हैं। वो करें, जो उन्हें करना है। प्रधानमंत्री जी भारत के तिरंगे को लेकर विश्व पटल पर आगे बढ़ रहे हैं। उनके साथ भारत का एक-एक नागरिक जुड़ा है। एक-एक नागरिक का आशीर्वाद उन्हें मिला हुआ है। पूर्ण रूप से हम प्रधानमंत्री मोदी जी के साथ हैं।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के इस आरोप पर कि भाजपा में सात लोग मुख्यमंत्री बनने का सपना पाले हुए हैं, सिंधिया ने कहा कि जिनके मन में इतनी आशा है, उस पद ग्रहण करने की, शायद वही यह वक्तव्य दे रहे हैं। उनसे पूछा गया कि दिग्विजय सिंह ने जो नाम लिए हैं, उनमें आपका नाम नहीं है। इस पर उन्होंने कहा कि मैं 20 साल से कह रहा हूं कि सिंधिया परिवार तो सेवा करने आया है। पहले भी कहा है और किया है। मेरी दादी के समय से हमारी भावना यही है और सेवा करते रहेंगे। जो भी जिम्मेदारी राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष देंगे, वह स्वीकार है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *