RCB के कैंप से यश दयाल गायब, IPL खेलने पर मंडराए काले बादल, टीम से कट चुका है पत्ता?

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपना अभ्यास सत्र शुरू कर दिया है लेकिन टीम के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। विराट कोहली समेत कई दिग्गज खिलाड़ी कैंप में पसीना बहा रहे हैं लेकिन तेज गेंदबाज यश दयाल कहीं भी नजर नहीं आ रहे हैं। 18 मार्च से शुरू हुए इस कैंप में दयाल की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि फ्रेंचाइजी की ओर से जारी किसी भी वीडियो या फोटो में वे कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।

कहां गए यश दयाल?

हैरानी की बात यह है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही आरसीबी की टीम बस की तस्वीरों से भी यश दयाल का चेहरा गायब है। हालांकि उनकी पत्नी श्वेता पुंडीर द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में दयाल अभ्यास करते तो दिख रहे हैं लेकिन वे बेंगलुरु के कैंप से कोसों दूर हैं। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ ने इस मामले पर आरसीबी के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन अभी तक फ्रेंचाइजी की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है।

विवादों से रहा है यश दयाल का नाता

यश दयाल का विवादों से पुराना नाता रहा है। पिछले साल जब आरसीबी ने उन्हें 5 करोड़ रुपये में रिटेन किया था तब उन पर चल रहे कानूनी मामलों की वजह से फ्रेंचाइजी को काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। दिलचस्प बात यह है कि दयाल ने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच जून 2025 में आईपीएल फाइनल के दौरान खेला था जिसके बाद से वे क्रिकेट के मैदान से पूरी तरह ओझल हैं। उत्तर प्रदेश की घरेलू टीम ने भी पूरे सीजन उन्हें चयन के लिए विचार नहीं किया।

यश दयाल खेल पाएंगे आईपीएल?

फिलहाल यह सस्पेंस बरकरार है कि क्या यश दयाल इस साल आरसीबी की जर्सी में नजर आएंगे या नहीं। एक तरफ रजत पाटीदार, भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पंड्या जैसे खिलाड़ी खिताब बचाने की तैयारी में जुटे हैं वहीं दूसरी तरफ टीम के एक मुख्य गेंदबाज का इस तरह लापता होना आरसीबी के मैनेजमेंट के लिए सिरदर्द बन सकता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *