‘हम आम जनता की तरह लाइन में नहीं लगेंगे’, RCB vs SRH मैच से पहले नया बवाल, कर्नाटक के विधायकों ने की VIP टिकटों की मांग

बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा में शुक्रवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां विधायकों ने आईपीएल मैचों के टिकट न मिलने पर अपनी नाराजगी जाहिर की। विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर ने राज्य सरकार को कड़ा निर्देश दिया है कि बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले हर आईपीएल मैच के लिए प्रत्येक विधायक को कम से कम 4 VIP टिकट सुनिश्चित किए जाएं।

आम जनता की तरह लाइन में नहीं लग सकते विधायक!

28 मार्च को आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले सीजन ओपनर से पहले विधायकों ने टिकटों की किल्लत का मुद्दा उठाया। कांग्रेस विधायक काशाप्पनवर विजयानंद शिवशंकरप्पा ने शिकायत करते हुए कहा, ‘कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ विधायकों और मंत्रियों को सम्मान नहीं दे रहा है। हम आम जनता की तरह लंबी लाइनों में खड़े होकर मैच नहीं देख सकते। पिछली बार हमें घंटों इंतजार कराने के बाद जनरल गैलरी में भेज दिया गया था।’ विधायकों ने स्टेडियम के भीतर एक डेडिकेटेड लाउंज की भी मांग की है ताकि वे अपने परिवार के साथ गरिमापूर्ण तरीके से मैच देख सकें।

टिकटों की कालाबाजारी के गंभीर आरोप

सदन में केवल वीआईपी ट्रीटमेंट ही नहीं, बल्कि टिकटों की धांधली का मुद्दा भी गूंजा। विधायकों ने आरोप लगाया कि केएससीए सरकार से सुरक्षा और अन्य सुविधाएं तो लेता है, लेकिन जनप्रतिनिधियों का सम्मान नहीं करता। शिवशंकरप्पा ने दावा किया कि ₹5,000 के टिकट बिचौलियों के जरिए ₹35,000 में बेचे जा रहे हैं और ऑनलाइन बिक्री में भारी अनियमितताएं हैं।

सरकार का रुख, विधायकों की मांग गलत नहीं

स्पीकर के निर्देश के बाद उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि वे तुरंत केएससीए अधिकारियों से बात करेंगे। उन्होंने विधायकों का समर्थन करते हुए कहा, ‘अगर विधायक अपने और परिवार के लिए टिकट मांग रहे हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।’ इस मुद्दे पर फैंस के अलग-अलग रिएक्शन आ रहे हैं। 28 मार्च को बेंगलुरु की टीम अपना पहला मुकाबले खेलेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *