संजीव गोयनका ने पहले लगाई क्लास फिर जीता दिल, जानें कप्तान ऋषभ पंत के बारे में क्या-क्या कहा

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच धीरे-धीरे बढ़ रहा है। बीते 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सीजन का पांचवां मुकाबला खेला गया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ को 6 विकेट से हरा दिया। यह लखनऊ पर दिल्ली की आईपीएल में लगातार पांचवीं जीत थी।

इस हार के बाद हालांकि लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका काफी नाराज नजर आए। मैच ख्तम होने के बाद मैदान पर उनको हेड कोच जस्टिन लैंगर और कप्तान ऋषभ पंत के साथ देखा गया। बातचीत के दौरान उनके रिएक्शंस उनकी नाराजगी जाहिर कर रहे थे। उनके बातचीत के कुछ फोटोज भी सामने आए हैं। वहीं इसको लेकर संजीव गोयनका सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हो रहे हैं। हालांकि उन्होंने अपने ऑफीशियल एक्स अकाउंट पर हार के बाद बड़ा बयान भी दिया है।

संजीव गोयनका ने अपने बयान में क्या कहा?

संजीव गोयनका ने एक्स पर अपनी टीम एलएसजी की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘यह लंबा सीजन है और इस तरह के मोमेंट कुछ सार्थक बनाने का हिस्सा होते हैं। मुझे अपने कप्तान और टीम पर स्ट्रेंथ के साथ जवाब देने का पूरा भरोसा है। फैंस को इकाना स्टेडियम में अपना सपोर्ट दिखाने के लिए शुक्रिया। हम मजबूती से वापसी करेंगे। इस सीजन में लखनऊ की अभी कहानी लिखी जानी बाकी है।’

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। लखनऊ सुपर जायंट्स 18.4 ओवर में 141 रन के स्कोर पर ही ऑल आउट हो गई थी। 142 रन का टारगेट दिल्ली कैपिटल्स ने 17.1 ओवर में 6 विकेट रहते हासिल कर लिया। दिल्ली के 4 विकेट 26 रन पर ही गिर गए थे। इसके बाद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच मैच विनिंग साझेदारी हुई। रिजवी 70 तो स्टब्स 39 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों मैच जिताकर ही वापस डग आउट में लौटे थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *