MP में समर्थन मूल्य खरीदी पर सख्ती! विधायक विष्णु खत्री के वेयरहाउस में मिला 500 टन गेहूं, कलेक्टर ने केंद्रों की लिस्ट से हटाया
भोपाल। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 10 अप्रैल से शुरू की जानी है, जिसके लिए करीब 93 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें वेयरहाउस भी शामिल हैं, ऐसे में तय तारीख से पहले खरीदारी शुरू नहीं की जा सकती है। इसके बाद भी बैरसिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विष्णु खत्री के वेयरहाउस में खरीदी शुरू होने से पहले ही गेहूं रखवा दिया गया। जब खाद्य विभाग की टीम को इसकी सूचना मिली, तो वह निरीक्षण करने पहुंची जहाँ शासकीय बारदानों में गेहूं रखा हुआ मिला। इसके बाद से वेयरहाउस को खरीदी केंद्रों की सूची से बाहर कर दिया गया है, अब उसकी जगह अन्य केंद्र पर खरीदारी की जाएगी।
विधायक के भागवती वेयरहाउस में मिले 35 किसानों के नाम
जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए 93 केंद्रों पर तैयारियां की जा रही हैं, जहां पर तुलाई से लेकर पर्याप्त बारदाने और परिवहन के लिए वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करनी है। इन केंद्रों में बैरसिया के तरावली कलां स्थित भागवती वेयरहाउस भी शामिल है, जो कि विधायक विष्णु खत्री का है। इस केंद्र पर 24-25 मार्च से ही किसानों का गेहूं रखवाना शुरू कर दिया गया था, जबकि खरीदारी 10 अप्रैल से शुरू होनी है। इसकी जानकारी खाद्य विभाग को मिली तो टीम मंगलवार को वेयरहाउस पहुंची और निरीक्षण किया, जहां पर शासकीय बारदाना में करीब 500 टन गेहूं रखा होना मिला है। साथ ही रजिस्टर में 35 किसानों के नाम भी दर्ज मिले हैं जिनका गेहूं यहां रखा गया था। इसकी रिपोर्ट तैयार कर टीम ने कलेक्टर को सौंप दी है।
एडीएम ने लिया अन्य वेयरहाउसों की गड़बड़ी पर संज्ञान
शहर के खजूरी सड़क स्थित शिवओम वेयरहाउस और कलाखेड़ी स्थित मंजुला व मां पीतांबरा वेयरहाउस पर आरोप है कि बिना किसी अधिकृत समिति के गठन के बड़ी मात्रा में गेहूं वितरित किया गया है। इस मामले में खाद्य विभाग द्वारा कोई जांच नहीं की जा रही है। एडीएम सुमित कुमार पांडे ने मामले में संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच करवाने की बात कही है। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि सभी केंद्रों का निरीक्षण टीमों के द्वारा किया जा रहा है। यदि कहीं पर पहले से गेहूं रखा होना पाया गया तो संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भागवती वेयरहाउस में करीब 35 किसानों ने गेहूं रखवाया था, जिनसे अब समर्थन मूल्य पर खरीदारी नहीं की जाएगी।
विधायक विष्णु खत्री का पक्ष: किसानों की मदद के लिए रखवाया था अनाज
इस मामले पर विधायक विष्णु खत्री का कहना है – "समर्थन मूल्य पर खरीदी की लगातार तारीखें बढ़ाई जा रही हैं, जबकि किसानों की गेहूं की फसल कट चुकी है लेकिन उनके पास रखने की जगह नहीं है। यही कारण है कि प्रबंधक ने गेहूं वेयरहाउस में सुरक्षित रखवा दिया था, जिससे मुझे कोई लाभ नहीं है। किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर लेने से कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकता है, इसको लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलकर चर्चा करूंगा।"
नियम उल्लंघन पर केंद्र को किया गया निरस्त
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा - "भागवती वेयरहाउस में समर्थन मूल्य पर खरीदी होने से पहले ही गेहूं रखवाए जाने की सूचना मिली थी। खाद्य विभाग की टीम को जांच के दौरान गेहूं रखा होना मिला है। जिससे वेयरहाउस को खरीदी केंद्रों की सूची से बाहर कर दिया गया है, अब अन्य जगह पर केंद्र बनाया जाएगा।"
