खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का समापन आज:बॉक्सर मैरी कॉम और पूर्व भारतीय फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का समापन समारोह 3 अप्रैल को राजधानी रायपुर में आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 5 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मैरी कॉम और पूर्व भारतीय फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
3 शहरों में हुआ आयोजन
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन 25 मार्च से प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में किया गया। इसमें देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 2000 जनजातीय खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए।
कई बड़े नेता भी होंगे शामिल
समापन समारोह की अध्यक्षता डिप्टी सीएम और खेल-युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई मंत्री, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक, महापौर और जिला पंचायत अध्यक्ष भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
