1.5 लाख शिक्षकों को मिलेगा एरियर, सरकार ने जारी किए आदेश
भोपाल, मध्यप्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए चतुर्थ क्रमोन्नति (फोर्थ टाइम स्केल) लागू करने का फैसला कर लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। अब शिक्षकों को 12, 24 और 30 साल की सेवा के बाद मिलने वाले लाभ के साथ 35 साल की सेवा पूरी करने पर भी अतिरिक्त वेतनमान का फायदा मिलेगा।
यह नया वेतनमान 1 जुलाई 2023 से लागू माना जाएगा। इससे प्रदेश के करीब 1.5 लाख शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा। इन शिक्षकों को सवा लाख से लेकर करीब 1.80 लाख रुपए तक का एरियर मिलने का अनुमान है।
सरकार के इस फैसले से उन शिक्षकों को राहत मिलेगी, जो पदोन्नति के पात्र नहीं बन पाए, लेकिन लंबी सेवा पूरी कर चुके हैं। अब उन्हें क्रमोन्नति के जरिए उच्च वेतनमान दिया जाएगा। प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के शिक्षकों को उनके पद के अनुसार यह लाभ मिलेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग के मुताबिक, 35 साल की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को उच्चतर पे-लेवल का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी सैलरी में भी बढ़ोतरी होगी। वित्त विभाग ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
शिक्षक दिवस पर सीएम ने की थी घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षक दिवस के मौके पर इस योजना की घोषणा की थी। इसके बाद कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब इसे लागू कर दिया गया है।
सरकार पर करीब 117 करोड़ रुपए का भार
1 जुलाई 2023 तक 35 साल की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को एरियर का लाभ मिलेगा, जबकि 2023 से 2026 के बीच सेवा पूरी करने वालों को उनकी पात्रता की तारीख से एरियर दिया जाएगा। इस फैसले से राज्य सरकार पर करीब 117 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा
