75 पर ढेर… 8 रन पर 6 विकेट! दिल्ली की तबाही देख सह-मालिक पार्थ जिंदल का टूटा दिल, कह डाली बड़ी बात

नई दिल्ली: अरुण जेटली स्टेडियम, जहां कुछ दिन पहले 265 रनों का विशाल लक्ष्य आसानी से चेज हुआ था, वहीं सोमवार की रात दिल्ली कैपिटल्स के लिए शमशान साबित हुई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ दिल्ली की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज 75 रनों पर सिमट गई। इस शर्मनाक हार ने न केवल फैंस को हैरान किया, बल्कि टीम के मालिकों और कप्तान के आत्मविश्वास को भी हिला कर रख दिया है।

पावरप्ले में मचा कत्लेआम, 8 रन पर आधी से ज्यादा टीम बाहर

दिल्ली की बल्लेबाजी का पतन इतना भयानक था कि स्कोरबोर्ड पर जब मात्र 8 रन थे, तब टीम अपने 6 मुख्य विकेट गंवा चुकी थी। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने नई गेंद से ऐसी आग उगली कि दिल्ली के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। जिस पिच पर रनों की बरसात की उम्मीद थी, वहां दिल्ली के खिलाड़ी स्विंग और बाउंस के सामने क्लूलेस नजर आए। यह इस सीजन का सबसे नाटकीय और एकतरफा कोलैप्स साबित हुआ।

सह-मालिक पार्थ जिंदल का भावुक संदेश

9 विकेट से मिली इस करारी हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा जाहिर की, लेकिन साथ ही टीम का हौसला भी बढ़ाया। जिंदल ने लिखा, ‘अब पहले से कहीं ज्यादा एकजुट रहने की जरूरत है दिल्ली कैपिटल्स। इस हार को स्वीकार करना बहुत कठिन है, लेकिन हमें लड़ते रहना होगा और खुद पर विश्वास बनाए रखना होगा।’

कप्तान अक्षर पटेल के पास नहीं थे शब्द

मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कप्तान अक्षर पटेल पूरी तरह हताश दिखे। उन्होंने हार की वजह पूछने पर कहा, ‘मुझे अब भी समझ नहीं आ रहा कि आखिर हुआ क्या? सब कहते हैं कि क्रिकेट में हर दिन आपको चौकन्ना रहना पड़ता है। लेकिन अब जरूरी यह है कि हम इस मैच को भूलकर आगे बढ़ें और अगले मुकाबले के लिए खुद को तैयार करें।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *