PHQ के बाहर ASI पर पत्थर से हमला, सिर फूटा; बदमाश धमकी देकर हुए फरार

 भोपाल। राजधानी भोपाल में पुलिस मुख्यालय (PHQ) के बाहर एक एएसआई पर बदमाशों ने पत्थर से हमला कर दिया। घटना में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर में कई टांके लगाने पड़े। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

हंगामा कर रहे युवकों को टोका तो भड़के

जानकारी के अनुसार नीलबड़ निवासी 33 वर्षीय अर्पित गुप्ता पुलिस मुख्यालय की कार्मिक शाखा में पदस्थ हैं। सोमवार रात करीब 10 बजे वे अपने साथियों के साथ PHQ गेट नंबर-2 के पीछे चाय पीने गए थे। इसी दौरान दो युवक तेज आवाज में हंगामा कर रहे थे।एएसआई अर्पित गुप्ता ने जब दोनों युवकों को समझाने की कोशिश की तो वे गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। हालांकि कुछ देर बाद दोनों युवक मोटरसाइकिल से दोबारा लौटे और विवाद शुरू कर दिया।

पत्थर मारकर किया हमला

विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने एएसआई पर पत्थर फेंक दिए। एक पत्थर सीधे उनके सिर पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और खून बहने लगा। हमला करने के बाद आरोपित धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने घायल एएसआई को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर में कई टांके लगाए गए।

पुलिस ने शुरू की तलाश

इलाज के बाद पीड़ित की शिकायत पर जहांगीराबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार ने बताया कि आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *