जेडीएस ने कहा किसी से बात नहीं हुई, समय आने पर खोलेंगे पत्ते 

बेंगलुरु ।  कर्नाटक विधानसभा चुनाव  में एक बार फिर जनता दल (सेक्युलर) यानी जेडीएस  किंगमेकर बन सकती  है। 10 में से 5 एग्जिट पोल राज्य में हंग असेंबली की भविष्यवाणी कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने का अनुमान है। यानी मिली जुली सरकार बन सकती है। कर्नाटक के राजनीतिक इतिहास में तीसरे नंबर पर आकर भी जेडीएस 3 बार सरकार बना चुकी है। मौके का फायदा उठाकर एचडी कुमारस्वामी तो दो बार मुख्यमंत्री भी बन चुके हैं।
कर्नाटक के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के एक दिन पहले तक राजनीतिक गणितबाजी की संभावनाएं खुली हैं। एचडी कुमारस्वामी के जनता दल (सेक्युलर) ने नतीजे आने से एक दिन पहले ये संकेत दिए हैं। जेडीएस ने तनवीर अहमद के उस बयान को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि किंगमेकर की पोजिशन में आने पर पार्टी का स्टैंड क्या होगा, ये तय कर लिया गया है। 
जेडीएस के राज्य प्रमुख सीएम इब्राहिम ने संवाददाताओं से कहा, वह (तनवीर अहमद) हमारे प्रवक्ता नहीं हैं। वह हमारी पार्टी के सदस्य नहीं हैं। वह कुछ भी नहीं हैं। वह हमें बहुत पहले छोड़ गए हैं। हमने (गठबंधन पर) कुछ भी तय नहीं किया है। हम परिणामों का इंतजार करेंगे।
तनवीर अहमद ने गुरुवार को दावा किया था कि जेडीएस को कांग्रेस और बीजेपी दोनों से गठबंधन के संकेत मिले थे, क्योंकि अधिकांश एग्जिट पोल ने कर्नाटक में हंग असेंबली की भविष्यवाणी की है। ऐसी स्थिति में जेडीएस क्या करेगी, ये तय किया गया है। 
तनवीर अहमद ने दावा किया था, कुमारस्वामी सिंगापुर से रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा है कि निर्णय हो गया है। जब सही समय आएगा, तो हम जनता के लिए इसकी घोषणा करेंगे।
कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा है कि उसे  अपने दम पर सरकार बनाने का भरोसा है। बीजेपी ने भी जेडी-एस से संपर्क करने से इनकार किया है। बीजेपी का कहना है कि पार्टी को स्पष्ट जनादेश मिलेगा। चुनाव के नतीजे शनिवार को आने वाले हैं, लेकिन कई एग्ज़ि पोल ने भविष्यवाणी की है कि कर्नाटक में कांग्रेस को बढ़त मिल सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *