एआर रहमान ने अटारी-वाघा बॉर्डर पर पहली बार दिया लाइव परफॉर्मेंस, ‘मैं वापस आऊंगा’ टीम ने रचा इतिहास

ऑस्कर अवॉर्ड विनर म्यूजिशियन एआर. रहमान ने रविवार को पंजाब में अटारी-वाघा बॉर्डर पर पहली बार लाइव परफॉर्मेंस देकर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को म्यूजिक के जरिए सलामी दी।

जॉइंट चेक पोस्ट (जेसीपी) स्टेडियम में आयोजित बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान ‘जय हो: म्यूजिकल सल्यूट टु द ब्रेव सोल्जर्स’ टाइटल के साथ देश के वीर जवानों को संगीत से भरी सलामी दी गई। यह कार्यक्रम भारत-पाकिस्तान सीमा और विभाजन के बैकग्राउंड पर आधारित फिल्म निर्माता इम्तियाज अली की अपकमिंग फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ रिलीज से पहले आयोजित किया गया। इस फिल्म के लिए संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है।

इवेंट की शुरुआत भावपूर्ण धुन ‘चंदा सूरज लाखों तारे’ से

एआर रहमान ने हजारों दर्शकों की मौजूदगी में इस खूबसूरत म्यूजिकल इवेंट की शुरुआत भावपूर्ण धुन ‘चंदा सूरज लाखों तारे’ से की। इसके बाद कार्यक्रम ‘मैं वापस आऊंगा’ के गाने परफॉर्म किए गए।

स्टेडियम जयकारों और गौरव की भावना से गूंज उठा

फेमस बीटिंग रीट्रीट समारोह के दौरान इस कार्यक्रम में हजारों दर्शक देशभक्ति, कृतज्ञता और राष्ट्रवाद की भावना का जश्न मनाने के लिए जेसीपी स्टेडियम में जमा हुए। इस मौके पर पूरा माहौल उत्साह से भरा था। इस म्यूजिकल शाम में स्टेडियम जयकारों और गौरव की गहरी भावना से गूंज उठा और इतिहास रच दिया।

फिल्म में विभाजन से पहले भारत के एक युवा की भूमिका निभा रहे वेदांग रैना

फिल्म के गीत ‘मस्कारा’ को नीलांजना घोष और वेदांग रैना ने प्रस्तुत किया। वेदांग रैना इस फिल्म में विभाजन से पहले भारत के एक युवा की भूमिका निभा रहे हैं। इसके बाद सिंगर मोहित चौहान ने पूजा तिवारी और नरगिस के साथ मिलकर ‘इश्क मस्ताना’ गीत पेश किया। कार्यक्रम का समापन रहमान के प्रसिद्ध देशभक्ति गीत ‘मां तुझे सलाम’ के साथ हुआ। फिल्म 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

‘हमारे वीर जवानों, बीएसएफ और भारतीय सेना के प्रति सम्मान’

बताया जाता है कि इस मौके पर इम्तियाज अली ने अपनी भावनाओं को व्यक्त किया और कहा, ‘यह एक बेहद अनोखा आयोजन है। यह प्रस्तुति राष्ट्र भावना, सीमा पर तैनात हमारे वीर जवानों, बीएसएफ और भारतीय सेना के प्रति सम्मान और उस एकजुटता और प्रेम की भावना को समर्पित है जो हम सभी को एक साथ बांधती है। इस मंडली का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है, और यह जादुई है कि यह आयोजन मैं वापस आऊंगा फिल्म की रिलीज के करीब हो रहा है।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *