भाजपा जुटी मिशन 100 दिन की तैयारी में, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों को दी ‎जिम्मेदारी

लखनऊ । यूपी में लोकसभा से पहले भाजपा अपने ‎‎मिशन 100 ‎दिन में जुट गई है। इसके ‎लिए भाजपा ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस कड़ी में भाजपा ने अपने केंद्रीय मंत्रियों की जिम्मेदारियां यूपी के अलग-अलग इलाकों के लिए दी हैं। साथ ही अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी यूपी में रहने के निर्देश दिए हैं। भाजपा ने अगले 100 दिनों के भीतर प्रत्येक वार्ड के हर घर तक पहुंचने का मेगा टास्क भी अपने पदाधिकारियों को दे दिया है। यही नहीं पार्टी उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर प्रत्याशी भी घोषित करने वाली है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले मजबूती के साथ सियासी मैदान में उतरने के लिए कमर कस ली है। इसके लिए बाकायदा उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत पांडा राज्य में मजबूती के साथ जुटे हैं। जानकारी के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत पांडा ने राज्य के प्रमुख नेताओं समेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन भी किया। इस दौरान यूपी में भाजपा ने 100 दिन का बड़ा सियासी एजेंडा तैयार किया है। 
जानकारी के मुता‎बिक इस एजेंडे को मजबूती से लागू करने के लिए लोकसभा प्रभारी समेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पूरी तैयारी भी कर ली है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का कहना हैं कि 100 दिन के भीतर भाजपा अपने अभियानों के माध्यम से प्रत्येक घर तक पहुंचने जा रही है। इसके लिए बाकायदा पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा चुकी हैं। योजना के मुताबिक अगले 100 दिन के भीतर प्रत्येक लोकसभा के प्रत्येक वार्ड के हर घर तक उनके कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुचेंगे। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक अभी भी प्रदेश के सभी प्रमुख नेता गांव परिक्रमा यात्रा और गांव चलो अभियान के तहत प्रवास कार्यक्रम कर रहे हैं। 
पार्टी इन्हीं 100 दिनों के भीतर अपने घोषणा पत्र को बनाने से पहले जनता के सुझाव भी लेगी। यही नहीं भाजपा ने अपने अभियानों की मजबूती के लिए केंद्र सरकार के मंत्रियों से लेकर अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ड्यूटी भी लगा दी है। इस कड़ी में रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट समेत केंद्रीय मंत्री डॉ। जितेंद्र सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल को पहले चरण में उत्तर प्रदेश भेजने की योजना है। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट को अयोध्या में जाकर लोगों के बीच पहुंचने का निर्देश दिया गया है। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में जल्द ही और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री को यूपी में लोगों के बीच प्रवास के दौरान संपर्क करने के लिए भेजा जाएगा। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *