इंस्टाग्राम वाली बुंदेली बेटी, जिसके वीडियो के दीवाने हुए कवि कुमार विश्वास

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रील और यूट्यूब पर ब्लॉग बनाने का खूब चलन चल रहा है।इस बहाने कई लोगों का टैलेंट भी वायरल हो रहा है। ऐसे में मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल के छतरपुर जिले की एक बेटी इंस्टाग्राम पर जबरदस्त धमाल मचा रही है। 'बिन्नू रानी जी' के नाम से मशहूर यह बेटी अभी 12 साल की है और सरकारी स्कूल में 5वीं क्लास की छात्रा है। बिन्नू ने छह महीने पहले वीडियो बनाना शुरू किए थे। वह अब तक करीब 200 वीडियो अपलोड कर चुकी हैं, जिन पर लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों में व्यूज आ रहे हैं। अब तक तकरीबन 80 हजार फॉलोअर्स हो चुके हैं।

वायरल हुई 12 साल की बिन्नू रानी का सपना हीरोइन बनने का है। वह सोशल मीडिया पर लगातार रील्स, ब्लॉग और वीडियो शेयर कर रही हैं। पढ़ाई भी करती हैं और स्कूल से मिलने वाले होमवर्क को भी मन लगाकर समय पर करती हैं। कैसे वायरल हुई बिन्नू रानी जी?

दरअसल, छतरपुर के छोटे से गांव पहाड़गांव में अपनी नानी पार्वती यादव के साथ रहने वाली बिन्नू रानी छह महीने पहले पड़ोस में रहने वाले एक दादा को पाइप से पानी बर्बाद करने को लेकर चिल्ला रही थी। तभी उसकी मुंहबोली बड़ी बहन मुस्कान ने चोरी छिपे वीडियो बना लिया और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और उसके बाद ही बिन्नू रानी जी को इंस्टाग्राम का भूत सवार हो गया।

अब बिन्नू रानी रोजाना सेल्फी मोड पर मोबाइल कैमरे को करके वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम बनाकर डाल देती हैं। बिन्नू के वीडियो बनाने में कोई स्क्रिप्ट नहीं होती, बल्कि उसके मन और दिमाग में जो आ जाता है, वही बोलने लगती हैं। 12 साल की बिन्नू रानी की बुंदेली भाषा लोगों को खूब भा रही है। उसके वीडियो देखने वाले लोगों की संख्या लाखों और करोड़ों में पहुंचने लगी है। प्रख्यात कवि कुमार विश्वास ने भी पिछले दिनों बिन्नू रानी जी का एक वीडियो शेयर किया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *