डिवाइडर से टकराकर लोडिंग ऑटो से भिड़ी कार:भोपाल के एयरपोर्ट रोड पर दो की मौत

भोपाल में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर पहले तो डिवाइडर पर चढ़ गई और फिर सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गई। इस दौरान कार एक लोडिंग ऑटो से भी टकरा गई।

हादसा रविवार दोपहर करीब एक बजे एयरपोर्ट रोड पर हुआ। इसमें कार चला रहे 17 साल के लड़के दानिश खान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ऑटो चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। इनमें से एक हनी अली ने इलाज के दौरान शाम को दम तोड़ दिया। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। इसकी रात तक पहचान नहीं हुई है। वहीं ऑटो चालक मामूली रूप से घायल है।

ढाबे से लौटते समय हुआ हादसा कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि दानिश पिता जहीर खान (17) करोद स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था। वह अपने दोस्तों के साथ परवलिया रोड पर एक ढाबे पर गया था। लौटते वक्त उसकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई।

कार पलटकर ऑटो से जा टकराई डिवाइडर पर लगे सीमेंट के गमलों से टकराकर कार पलट गई और सड़क के दूसरी ओर जा गिरी। इसी दौरान वह सामने से आ रहे लोडिंग ऑटो से भी टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार चला रहे दानिश की मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों को निकालने में लगा एक घंटा हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस-एम्बुलेंस को सूचना दी। कार में दो लोग फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने में करीब एक घंटा लग गया। एक युवक कार की अगली सीट और डेशबोर्ड के बीच फंसा था। गेट तोड़कर उसे बाहर निकाला गया।

टीआई के मुताबिक पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग को गाड़ी किसने दी और गाड़ी किसके नाम पर है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *