MP-छत्तीसगढ़ में बंगाल फतह का जश्न, ढोल-नगाड़ों के साथ भाजपा नेताओं ने बांटी ‘झालमुड़ी’

भोपाल/रायपुर। बंगाल सहित तीन राज्यों में जीत पर भारतीय जनता पार्टी ने विजयोत्सव मनाया। प्रदेश भाजपा कार्यालय से लेकर जिलों में जश्न का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी की और झालमुड़ी बांटकर खुशी जताई।

नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संबोधन सुना

दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी नेतृत्व का संबोधन प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, जगदीश देवड़ा, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और वीडी शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि अंग-बंग-कलिंग सब तरफ भाजपा का झंडा लहरा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी जनता के लिए विश्वास बन चुकी है। उन्होंने कहा कि बंगाल का चुनाव ‘ममता बनाम जनता’ बन गया था और जनता ने हिंसा, भय और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकार दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि चुनाव परिणाम स्पष्ट संकेत देते हैं कि जनता ने विपक्षी गठबंधन को नकार दिया है और भाजपा पर भरोसा जताया है।

मोदी के नेतृत्व में वर्षों की साधना हुई पूरी: शिवराज

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बंगाल में जीत वर्षों की साधना और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां अराजकता और गुंडाराज की स्थिति रही, जिसे जनता ने खारिज कर दिया।

छत्तीसगढ़ में भी जश्न, नेताओं ने चखी झालमुड़ी

बंगाल में भाजपा की जीत की गूंज छत्तीसगढ़ में भी सुनाई दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय और महापौर मधुसूदन यादव सहित कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जश्न मनाया।

डिश झालमुड़ी का वितरण किया गया

उत्सव को खास बनाने के लिए बंगाल की पारंपरिक डिश झालमुड़ी का वितरण किया गया। मूंगफली, मुरमुरा, सरसों तेल और मसालों से बनी यह डिश जीत की खुशी का प्रतीक बनी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बंगाल की जनता ने विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी है। यह जनादेश नए विश्वास और मजबूत राष्ट्रनिर्माण का संकेत है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *