शाजापुर में हाईवे पर गदर, गेहूं रिजेक्ट हुआ तो भड़के किसान, जाम में फंसे दूल्हे से बोले- ‘करो जोरदार अभिनंदन’

शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब अपनी उपज बेचने आए किसानों का धैर्य जवाब दे गया। ग्राम खरदौनकलां स्थित श्रीराम वेयरहाउस पर सर्वेयर द्वारा गेहूं रिजेक्ट किए जाने से नाराज किसानों ने कालापीपल-कुरावर स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक हाईवे पर पहिए थमे रहे, लेकिन इस तनावपूर्ण माहौल के बीच किसानों का एक मजाकिया अंदाज भी देखने को मिला।

चक्काजाम में दूल्हे से ठिठोली

जाम के दौरान वहां से एक दूल्हा अपनी दुल्हन के साथ निकल रहा था। किसानों ने दूल्हे की गाड़ी को रोक लिया और उसे पास बुलाकर मजाकिया अंदाज में पूछा- ‘कहो बंशीलाल जी, इतनी धूप में खड़े होकर कैसा लग रहा है? करो इनका जोरदार अभिनंदन।’ जब किसानों ने पूछा कि मुहूर्त तो नहीं निकल रहा, तो दूल्हे ने हंसते हुए जवाब दिया- ‘लगन तो हो गई, अब तो बस देवी-देवताओं की पूजा करने जा रहे हैं।’ इस पर किसानों ने फिर चुटकी ली और माहौल खुशनुमा हो गया।

‘3-3 बार फेल हो रहा सैंपल’

किसानों का आरोप है कि उपार्जन केंद्र पर अधिकारी नमी और गुणवत्ता का हवाला देकर बार-बार गेहूं लौटा रहे हैं। एक किसान ने बताया कि तीन-तीन बार सैंपल फेल होने से उन्हें बार-बार ट्रैक्टर का किराया और भारी भाड़ा वहन करना पड़ रहा है। मौसम के बदलते मिजाज और बारिश की आशंका ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। उनकी मांग है कि नमी के मानकों में छूट दी जाए और तुलाई तुरंत शुरू की जाए।

तहसीलदार के आश्वासन पर खुला जाम

मौके पर पहुंचे तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने किसानों से लंबी चर्चा की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान किया जाएगा। पुलिस (SI रवि भंडारी) ने बताया कि गेहूं में मिट्टी होने के कारण ग्रेडिंग की समस्या थी। बाद में समझाइश के बाद किसानों को रोड से हटाया गया और ग्रेडिंग के बाद गेहूं की तुलाई शुरू हुई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *