छत्‍तीसगढ़ के तापमान में आई गिरावट, बढ़ी ठंड, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मौसम ने करवट बदली है। राजधानी रायपुर सहित कई क्षेत्रों में रविवार को अच्छी बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली और ठंड वापस लौटी। मौसम विभाग के अनुसार एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से पूर्वी विदर्भ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। साथ ही प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी आने कारण बादल छाए रहे और मध्य छत्‍तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ वर्षा दर्ज की गई।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना

वहीं, सोमवार को भी दक्षिण छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है। साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा मध्य छत्तीसगढ़ में प्रातः काल में कोहरा बनने की संभावना है। जिसकी वजह से गाड़ी चलाने में परेशानियां हो सकती हैं। वहीं, उत्तर और मध्य छग में न्यूनतम तापमान गिरावट होने की संभावना के साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की सम्भावना है। दक्षिण छत्तीसगढ में 24 जनवरी तक एक दो स्थानों में हल्की वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।

बलरामपुर सबसे ठंडा, दंतेवाड़ा सर्वाधिक गर्म

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को छत्‍तीसगढ़ में बलरामपुर सर्वाधिक ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सर्वाधिक अधिकतम तापमान दंतेवाड़ा में 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को अब दक्षिणी क्षेत्र में बारिश की वजह से यहां के अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके अलावा रायगढ़ में दो सेमी, जबकि तमनार में एक सेमी की वर्षा दर्ज की गई।

राजधानी में आज फिर बारिश के आसार

राजधानी में रविवार की सुबह अच्छी बारिश हुई, जिसकी वजह से मौसम दिनभर ठंडा रहा। दाेपहर के बाद हल्की धूप भी देखने को मिली। मौसम विज्ञानियों के अनुसार राजधानी में मौसम मेघमय रहने के साथ ही एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने के संकेत हैं। वहीं, राजधानी का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई जा रही है।

गर्म कपड़ों का बाजार फिर रोशन

एक बार फिर मौसम की करवट से गर्म कपड़ों के बाजारों की रौनक वापस से लौट गई है। लोग बड़ी संख्या में मौसम के हिसाब से गर्म कपड़ों की खरीदी के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, मौसम विभाग के संकेत के अनुसार कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ठंडा ही रहने के आसार हैं। इसकी वजह से अगले कुछ दिनों तक गर्म कपड़ों का बाजार रोशन रहने के आसार हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *