डॉक्टर निकला जाली नोटों का सौदागर: यूक्रेन से MBBS कर लौटा युवक भोपाल में खपा रहा था 500-500 के नकली नोट, 1.40 लाख बरामद
भोपाल। राजधानी में नकली नोटों की बड़ी खेप पकड़ी गई है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के निवासी 25 वर्षीय सैफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है, जो भोपाल में रहकर 500-500 रुपये के नकली नोट बाजार में खपा रहा था। आरोपित यूक्रेन से एमबीबीएस की पढ़ाई कर चुका है और भारत में मेडिकल प्रैक्टिस के लिए एफएमजीई परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार सैफुल इस्लाम सितंबर 2024 से शाहपुरा थाना क्षेत्र स्थित अरेरा कॉलोनी में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी एक युवक ने उसे करीब दो लाख रुपये के नकली नोट दिए थे। वह 28 मार्च को बंगाल से भोपाल लौटा था और एक सप्ताह के भीतर करीब 60 हजार रुपये के नकली नोट बाजार में खपा चुका था। पुलिस को उसके पास से 1.40 लाख रुपये के 280 नकली नोट बरामद हुए हैं।
आरोपित ने बताया कि वह 200 से 300 रुपये में 500 रुपये के नकली नोट बेचता था। साथ ही दुकानों और खरीदारी में भी नकली नोटों का इस्तेमाल करता था। पुलिस का कहना है कि यदि यह खेप पकड़ी नहीं जाती तो बड़ी मात्रा में नकली नोट बाजार में पहुंचाए जाने की तैयारी थी।
साइबर ठगी से भी जुड़ा आरोपित
पुलिस जांच में सामने आया कि सैफुल इस्लाम साइबर ठगी से जुड़े गिरोहों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था। मंगलवार को यश जायसवाल नामक युवक ने कोहेफिजा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि सैफुल ने उसके बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी में किया।
शिकायत के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान नकली नोट खपाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने शाहपुरा स्थित उसके किराये के मकान पर दबिश दी। वहां से कई देशी-विदेशी सिम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस को उसके पास से यूके की एक सिम भी मिली है, जिसका उपयोग वह कथित रूप से साइबर ठगों से संपर्क करने में करता था।
एक ही सीरियल नंबर के मिले कई नोट
कृष्ण गोपाल शुक्ला ने बताया कि बरामद नकली नोट पहली नजर में असली जैसे दिखाई दे रहे थे, लेकिन जांच के दौरान कई नोटों पर एक ही सीरियल नंबर पाया गया। इसके बाद गहराई से जांच करने पर नोट नकली पाए गए।
सुरक्षा एजेंसियां पहले ही जता चुकी थीं आशंका
सुरक्षा एजेंसियों ने मार्च 2026 में नकली मुद्रा के प्रसार को लेकर चेतावनी जारी की थी। एजेंसियों के अनुसार पश्चिम बंगाल का मालदा जिला नकली नोट नेटवर्क का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भी मालदा में नकली नोट छपाई यूनिट्स के सक्रिय होने की जानकारी दी थी।
पुलिस गिरोह की तलाश में
संजय कुमार ने कहा कि आरोपित को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इसके लिए आरोपित को पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है और जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी।
