23 साल बाद सितंबर में खुले भदभदा डैम के गेट:कलियासोत में भी आया पानी

भोपाल की लाइफ लाइन बड़ा तालाब फुल टैंक लेवल तक भर गया है। इसके बाद शनिवार सुबह 10.35 बजे महापौर मालती राय और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने पूजा-अर्चना की और इसके बाद भदभदा डैम के गेट खोले गए। गेट खोलने से पहले साइरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया गया। इसके बाद एक-एक कर दो गेट खोले गए, जिनमें से फिलहाल एक को बंद कर दिया गया है।

बता दें पिछले 23 साल में यह दूसरा मौका है, जब सितंबर महीने में भदभदा डैम के गेट खोले गए। इससे पहले वर्ष 2003 में सितंबर में गेट खोले गए थे। वहीं, पिछले साल भारी बारिश के कारण 2 अगस्त को ही गेट खोलने पड़े थे।

एसआई भगवान दास तिवारी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से डैम पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कंट्रोल रूम से अतिरिक्त जवान भी बुलाए गए हैं और आम लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद लोग परिवार सहित डैम के गेट खुलते देखने पहुंच रहे हैं।’

दरअसल, कैचमेंट एरिया और सीहोर जिले में बारिश होने से शुक्रवार शाम तक बड़ा तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट तक पहुंच गया था। वहीं, रात में लगातार पानी बढ़ता गया। शनिवार सुबह तक फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट तक लेवल आ गया। इसके बाद डैम प्रबंधन ने गेट खोलने का निर्णय लिया। गेट से निकला पानी सीधे कलियासोत डैम में पहुंच रहा है, जिससे वहां भी गेट खोले जाने की संभावना है। वहीं, केरवा डैम में भी पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है।

पिछले साल जुलाई-अगस्त में ही ये सभी डैम लबालब भर गए थे, लेकिन इस बार अगस्त सूखा रहा। यही कारण है कि भदभदा, केरवा, कलियासोत और कोलार डैम के गेट अब तक नहीं खोले जा सके थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *