झाबुआ में भारी बारिश के साथ गिरे ओले, फसलों को होगा फायदा

झाबुआ ।   सुबह से ही मौसम के मिजाज बदले-बदले नजर आ रहे थे। दोपहर आते ही काले बादल छा गए। इसके बाद तेज हवा के साथ करीब 20 मिनट तक तेज बारिश का दौर चला। तेज बारिश होते ही पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। बारिश से गेहूं, चने की फसल को तो फायदा होगा, लेकिन सब्जियों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। रविवार दोपहर करीब दो बजे अचानक काले बादल छाते ही तेज हवा शुरू हो गई। इसके बाद तेज वर्षा का दौर शुरू हो गया। वर्षा के साथ कई बार बिजली भी कड़कती रही। तेज वर्षा का दौर करीब 20 मिनट तक चलता रहा। वर्षा होते ही मौसम में ठंडक घुल गई। तेज वर्षा के बाद चने व गेहूं की फसल को तो फायदा मिलने की संभावना है, लेकिन टमाटर, शिमला मिर्च व अन्य फसलों को नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। जिन किसानों के कपास में रुई निकल आई है, उन किसानों को नुकसान हो सकता है।

रानापुर में ओले गिरे

रानापुर में रविवार को मौसम सुबह से ही बिगड़ा हुआ था। बादल छाए रहने से सूर्य के दर्शन नहीं हुए। अलसुबह से ही ठंडी हवा चल रही थी। दोपहर को एक बजे बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और अंधेरा छा गया। देखते-देखते बिजली की गड़गड़ाहट के साथ तेज वर्षा का दौर शुरू हुआ, जो लगभग एक घंटे तक चला। बारिश के साथ मक्का के आकार के ओले भी गिरे।

बिजली गुल हो गई

तेज बारिश होते ही पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। कई क्षेत्रों में एक घंटे के बाद बिजली व्यवस्था सुचारू कर दी गई तो कई क्षेत्रों में देर शाम तक लोगों को इंतजार करना पड़ा। कई क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था वर्षा के कारण प्रभावित रही।

आज भी हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि हुई वर्षा से गेहूं, चने की फसल को फायदा मिल सकता है, लेकिन सब्जियों की फसल को नुकसान हो सकता है। सोमवार को भी बारिश होने की संभावना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *