राहुल की न्याय यात्रा में दिखेंगे कमलनाथ

भोपाल ।  कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो मार्च को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। कांग्रेस ने राहुल गांधी की न्याय यात्रा के दौरान प्रदेश में हर वर्ग को साधने की रणनीति बनाई है। लोकसभा चुनाव से पहले राहुल यात्रा के दौरान प्रदेश में किसानों, महिलाओं, आदिवासी, युवाओं, बेरोजगरों समेत अलग-अलग वर्गों से संवाद करेंगे। कांग्रेस की रणनीति चुनाव से पहले अलग-अलग वर्गों को साधने की है। प्रदेश में यात्रा नौ जिले और 6 लोकसभा सीटों को कवर करेगी। वहीं, कमलनाथ की भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच अब पूर्व सीएम राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होंगे। कमलनाथ दो मार्च को छिंदवाड़ा से ग्वालियर पहुंचेंगे और फिर दो मार्च से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। फिर पूरी यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश में छह मार्च तक शामिल रहेंगे। प्रदेश में आदिवासी वर्ग को साधने के लिए राहुल गांधी यात्रा के दौरान अलग-अलग वर्ग से चर्चा करेंगे। इसमें शिवपुरी में राहुल आदिवासी वर्ग से संवाद करेंगे। बता दें प्रदेश में 29 लोकसभा सीटें है। इनमें से 6 सीटें आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस इस वोट बैंक को लोकसभा चुनाव में अपने से छिंटकने नहीं देना चाहती है। वहीं, भाजपा भी आदिवासी वोटरों को साधने के लिए पूरा जोर लगा रही है।

पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं से की अपील
पूर्व सीएम कमलनाथ ने प्रदेश की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने की अपील की। पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश की जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की अगवानी के लिए उत्साहित हैं। अन्याय, अत्याचार और शोषण के खिलाफ हम सबके नेता श्री राहुल गांधी जी पूरे देश में सडक़ों पर उतरकर एक निर्णायक लड़ाई का ऐलान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मैं मध्यप्रदेश की जनता और कांग्रेस के जांबाज कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राहुल गांधी जी का संबल और साहस बनें। हम और आप मिलकर अन्याय के खिलाफ जारी इस महाअभियान को अंजाम तक पहुंचायेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *