प्रदेश की सभी 29 सीटों पर खिलेगा कमल

भोपाल । लोकसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच कांग्रेस पार्टी के नेताओं में भगदड़ मची है, वहीं भाजपा लगातार अपना कुनबा बढ़ा रही है। शनिवार को भाजपा ने कांग्रेस को एक और बड़ा झटका दिया, जब उसके कई नेता भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, भाजपा की न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक व पूर्व गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।
सीएम यादव ने कहा कि आपको समय – समय पर अपने जिले में, विधानसभा में, लोकसभा में मौका है। अभी तो लोकसभा का मौका चल रहा है। सब मिलकर अपनी बड़ी भूमिका निभाएं और एक नया इतिहास बन रहा है। पहले चरण के जो रिजल्ट आ रहे हैं, बूथ पर जो काम करता है कार्यकर्ता हमारा और हम सब जानते हैं कि जैसे वोट पड़ते हैं, वैसे – वैसे भाव बता देते हैं मतदाताओं के, वह किधर जा रहे है। यादव ने कहा कि रुझान चारों तरफ से अनुकूल आ रहे हैं। हर हालत में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाना है। जो लोग देश और प्रदेश की सच्चे मन से सेवा करना चाहते हैं, भाजपा में उनका स्वागत है। लोकतंत्र में राजनीति बीजेपी पार्टी करती है। परिवारवाद केवल कांग्रेस में दिखता है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण का मतदान हुआ है, सभी जगह से अनुकूल परिणाम आएंगे। मोदी सरकार बनने जा रही है। मप्र में छिंदवाड़ा सहित सभी 29 सीटों में कमल खिलेगा। इस मौके पर उन्होंने कमल नाथ पर तंज कसा और बोले कि पहली बार बड़े महाराज अपने घर से निकल कर अपने मतदाताओं के बीच हाथ जोडक़र वोट मांगने निकले हैं। उनका छिंदवाड़ा माडल कितना खोखला है, सबने देखा है।
बीजेपी न्यू जाइनिंग कमेटी के प्रदेश संयोजक व पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अब हैरीटेज की तरह हो गई है। इमारत की तरह हैरीटेज। कुछ बुजुर्ग और जर्जर नेताओं के सहारे पर इमारत खड़ी है। इसमें रहना कोई नहीं चाहता। इन बिल्डिंग की स्थिति है कि वह अब किसी को पनाह भी नहीं दे सकते। आज वहां पर भगदड़ के हालात हैं। 4 लाख से अधिक लोग अभी तक मप्र में बूथ स्तर तक कांग्रेस को छोड़ चुके हैं। अब जनता का विश्वास, यहां तक कि कांग्रेस के नेताओं का विश्वास अब कांग्रेस पर नहीं रहा है। मिश्रा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक विकसित भारत है। पीएम मोदी की एक कल्पना स्वर्णिम भारत, एक वैश्विक भारत की है। सभी उस विकास की धारा में साथ रहना चाहते हैं। उसी के तहत आज यह ज्वाइनिंग हुई है। छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहाके की कांग्रेस में वापसी पर भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा – स्वाभाविक रूप से उन्होंने ऐसा बयान दिया है, वह मैंने भी सुना है। दबाब तो कभी किसी का किसी पर नहीं रहता है।
पूर्व विधायक हरिवल्लभ शुक्ला, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कमल सिंह रघुवंशी, कांग्रेस के इंटरनेट मीडिया प्रभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, कमल नाथ के करीबी संदेश गर्ग ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके साथ-साथ डा. नरोत्तम मिश्रा के गृहनगर दतिया के 100 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *