‘हेमा मालिनी को ब्रांड एंबेसडर बनाओ यार, हम उनके पट्ठे हैं’, पोस्ट ऑफिस के अफसरों से बोले मंत्री शाह

खंडवा ।    मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विजय शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें वे डाक विभाग का ब्रांड एंबेसडर ऐक्ट्रेस और सांसद हेमा मालिनी को बनाने की सीख देते दिख रहे हैं। वहीं, हेमा मालिनी की जमकर तारीफ करते हुए वे खुद को उनका पट्ठा तक बताते हुए आने समय की ड्रीम गर्ल रहीं हेमा मालिनी को भारतीय सभ्यता, संस्कृति और इतिहास की प्रतिमूर्ति तक बता रहे हैं। बता दें कि प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह अपनी इसी तरह की बयानबाजी के लिए चर्चित रहते हैं और उनका यह वीडियो मंगलवार शाम का है। वे खंडवा नगर के डाकघर में बने नवीन पासपोर्ट कार्यालय के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे थे। खंडवा के मुंबई बाजार रोड पर स्थित मुख्य डाकघर में मंगलवार शाम नवीन पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ किया गया, जिसके मौके पर क्षेत्रीय सांसद सहित प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इस दौरान मंत्री शाह ने स्टेज से ऐक्ट्रेस और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी को लेकर कुछ ऐसी बातें कह दी, जिसको लेकर उनका वायरल वीडियो चर्चा में बना हुआ है।

यह बोले कैबिनेट मंत्री विजय शाह

खंडवा पासपोर्ट कार्यालय के शुभारंभ के मौके पर पहुंचे मंत्री शाह के वायरल वीडियो में वे डाकघर के कर्मचारियों को नसीहत देते दिख रहे हैं कि तुम्हारा कोई मॉडल नहीं है। तुम्हारा कोई ब्रांड एंबेसडर नहीं है। इसलिए बोलता हूं कि हेमा मालिनी को रखो न यार और मैंने हेमा मालिनी का नाम इसलिए लिया, क्योंकि उनकी गारंटी है। लगातार भारतीय संस्कृति, सभ्यता और संस्कार की प्रतिमूर्ति हैं। वह ऐसी नहीं हैं, जिसको देखकर मुंह छुपाना पड़े।

मंत्री ने कहा, हमारी संस्कृति इतिहास और हमारे संस्कार की प्रतिमूर्ति हेमा मालिनी गारंटी है, मोदी की गारंटी है। तीसरी-चौथी बार सांसद बन रही हैं वो और फिर भी तुम उन्हें ब्रांड एंबेसडर नहीं बना रहे हो, बनाओ। तो वहीं उसी वायरल वीडियो में मंत्री शाह सीना ठोक कर कहते भी दिखाई दे रहे हैं कि हम हेमा मालिनी के पट्ठे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *