अनुमति नहीं मिलने से 31 मई की धर्मसभा टली:टी राजा सिंह को जान से मारने की धमकियों को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग

भोपाल, राजधानी भोपाल में 31 मई को प्रस्तावित धर्मसभा फिलहाल टल गई है। धर्मरक्षक संस्था द्वारा गांधीनगर क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम को प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बाद मामला न्यायालय पहुंच गया था। सुनवाई में देरी के चलते आयोजन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

इस बीच धर्मसभा को लेकर एक नया विवाद भी सामने आया है। धर्मरक्षक ग्रामीण के शिशुपाल ठाकुर ने सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा हैदराबाद से आने वाले हिंदूवादी नेता और विधायक राजा भैया को कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर इस तरह की धमकियां देखी जा रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि या आम नागरिक को इस तरह की धमकी देना लोकतंत्र के खिलाफ है और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

शिशुपाल ठाकुर के अनुसार, इस संबंध में कुछ साक्ष्य पुलिस प्रशासन को सौंपे गए हैं और जल्द ही संबंधित थानों में लिखित शिकायत भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन हिंसा और धमकी का कोई स्थान नहीं है।

इधर, प्रशासन द्वारा अनुमति निरस्त किए जाने के फैसले को संस्था ने न्यायालय में चुनौती दी है। हालांकि अब तक मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। इसी कारण 31 मई की धर्मसभा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि अब आगे की रणनीति न्यायालय की आगामी सुनवाई और आदेश के आधार पर तय की जाएगी। नई तिथि की घोषणा भी परिस्थितियों को देखते हुए बाद में की जाएगी। फिलहाल धर्मसभा का आयोजन पूरी तरह न्यायालय की अगली कार्यवाही और प्रशासनिक निर्णय पर निर्भर माना जा रहा है।

12 साल से हो रहा आयोजन

कार्यक्रम के आयोजक और धर्मसभा अध्यक्ष माधव सेन के अनुसार, यह आयोजन पिछले 12 सालों से लगातार किया जा रहा है। हर साल गांधी नगर क्षेत्र में महाकाल त्रिशूल यात्रा के साथ धर्मसभा आयोजित होती है। पिछले साल इसमें कपिल मिश्रा शामिल हुए थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *