सांसद का दावा- मैं जिस कालोनी में रहता हूं, वहां 27 बच्चों को ब्लड कैंसर, राजगढ़ 10 साल में बन जाएगा पंजाब

राजगढ़। राजगढ़ जिले में खानपान की सामग्री में मिलावट, रसायनिक खादों का उपयोग, नकली दूध व सब्जियों में लगाए जा रहे इंजेक्शनों को लेकर क्षेत्र के सांसद रोडमल नागर ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने दावा किया है किे मैं जिस कालोनी में रहता हूं, वहां 3-4 साल में 27 बच्चे ब्लड कैंसर से पीड़ित हो गए। उन्होंने आगे कहा कि यही हाल रहे तो राजगढ़ जिला 10 सालों में पंजाब बन जाएगा।

एक कार्यक्रम के दौरान सांसद नागर ने कहा कि मैं पचोर में रहता हूं, उस कालोनी में अभी-अभी 3-4 सालों में 27 बच्चों को ब्लड कैंसर हो गया। क्या होगा, कैसे चलेगा। कारण क्या है। कारण यह है कि मिलावट… मिलावट… मिलावट। उन्होंने सब्जियों, अनाज, फलों, दूध में मिलावटखोरी पर गहरी चिंता व्यक्त की। कहा कि लौकी जैसी सबसे पौष्टिक सब्जी में इंजेक्शन लगाया जा रहा है।यह सब्जी किसी सेठ के घर नहीं, बल्कि किसान के खेत में ही उगती है। जो मूंगदाल एक समय सबसे पौष्टिक मानी जाती थी आज मिलावट के कारण जहरीली होती जा रही है।

पंजाब की जमीन में 50 साल में बर्बाद हुई, हमारी 10 में हो जाएगी

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उत्पादन बढ़ाने की होड़ में किसान जरूरत से ज्यादा यूरिया व रासायिक खाद का उपयोग कर रहे हैं। जानकारी होने के बावजूद किसान एक-एक बीघा जमीन में तीन-तीन बोरी यूरिया डाल रहे हैं।रासायनिक खादों का उपयोग बर्बादी का कारण बन रहा है। आगे कहा कि पंजाब की जमीन 50 साल में बर्बाद हुई है, हमारी जमीन तो 10 साल में बर्बाद हो जाएगी और हमारी पीढ़ी का क्या होगा।उन्होंने रासायनिक खादों के बेवजह व अधिक उपयोग, मिलावट खोरी पर चिंता व्यक्त की।

नकली दूध बनाने वालों की दें गुप्त सूचना

उन्होंने जिले में नकली दूध को लेकर चिंता व्यक्त की। कहा कि गांवों में कई लोग नकली दूध बनाने का कार्य कर रहे हैं। जिसके कारण ईमानदार पशुपालकों को दूध का सही दाम तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी नकली दूध बन रहा है तो बिना नाम बताए मुझे, विधायक अमरसिंह यादव को, कलेक्टर, एसपी को फोन लगाकर सूचना दें। ऐसे लोगों को पकड़ना होगा। अकेले सरकार ही नहीं, बल्कि समाज को भी यह जिम्मेदारी उठाना पड़ेगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- सांसदजी आप जिम्मेदारियों से नहीं हट सकते

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रतसिंह ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि छोटे से क्षेत्र में 27 बच्चों को ब्लड कैंसर है और यह मिलावटी सामान की वजह से हो रहा है। मैं सांसद जी से अनुरोध करता हूं कि आप देश की संसद में हैं। सबसे पहले इस मामले में राजगढ़ जिले के लिए कोल अटेंशन लगाना चाहिए, यहां की जनता ने आपको संसद में पहुंचाया है, लेकिन आपने कोल अटेंशन तो नहीं लगाया, लेकिन मार्मिक भाषण देकर व इमोशनल बात करके आप जिम्मेदारियों से नहीं हट सकते, जिम्मेदार कौन हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *