40 हजार से ज्यादा रन और दो खेलों का इंटरनेशनल करियर, दिग्गज खिलाड़ी ने ली अंतिम सांस

लंदन: इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान माइक स्मिथ का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। वारविकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब ने सोमवार को यह जानकारी दी। वह क्रिकेट के अलावा रग्बी के भी इंटरनेशनल खिलाड़ी रहे हैं। माइक स्मिथ ने 1956 में वेल्स के खिलाफ रग्बी यूनियन के मुकाबले का इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व भी किया था। वह आईसीसी मैच रेफरी भी रह चुके हैं।

माइक स्मिथ ने 25 टेस्ट में कप्तानी की

माइक स्मिथ ने इंग्लैंड के लिए 50 टेस्ट मैच खेले। साल 1958 से 1972 के बीच माइक ने 25 मुकाबलों में टीम की कप्तानी की। कुल मिलाकर, स्मिथ ने 2,278 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और 11 अर्धशतक शामिल थे। क्रिकेट में शानदार योगदान के लिए उन्हें साल 1976 में ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर से सम्मानित किया गया था। कप्तान के तौर पर खेले गए उन्हें सिर्फ तीन बार हार का सामना करना पड़ा, जबकि पांच मुकाबलों में जीत मिली और 17 मैच ड्रॉ रहे।

वारविकशायर ने माइक स्मिथ के निधन की खबर की पुष्टि की। ग्लैमरगन के खिलाफ अपने काउंटी चैंपियनशिप मैच के चौथे दिन का खेल शुरू होने से पहले खिलाड़ियों और अधिकारियों ने एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। क्लब ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया, ‘वारविकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब को ‘बेयर्स’ के दिग्गज खिलाड़ी एमजेके स्मिथ के 92 साल की उम्र में निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है।’

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में करीब 40000 रन

साल 1957 से 1967 के बीच स्मिथ ने वारविकशायर की कमान संभाली थी; उन्होंने अपने काउंटी करियर के दौरान 637 मुकाबलों में 39,832 फर्स्ट-क्लास रन बनाए। वारविकशायर आने से पहले, स्मिथ ने 1951 से 1955 तक लीसेस्टरशायर के लिए भी खेला था और दो साल तक ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की टीम का भी हिस्सा रहे। लिस्ट ए क्रिकेट में स्मिथ के नाम 3106 रन हैं।साल 1958 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले स्मिथ को शुरुआत में बतौर ओपनर आजमाया गया था, लेकिन उन्होंने मध्यक्रम में शानदार प्रदर्शन किया। साल 1959 में ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत के खिलाफ अपना पहला शतक लगाया। 1963-64 में टेड डेक्सटर और कॉलिन काउड्रे की गैरमौजूदगी में उन्हें भारत दौरे पर कप्तानी का मौका मिला था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *