लोकसभा चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासन ने कसी कमर

भोपाल । आगामी समय में होने वाले लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर प्रदेश में तैयारियां शुरू कर दी गई है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए कानून-व्यवस्था की गहन मॉनिटरिंग अगले माह से प्रारंभ की जाएगी। वर्तमान में इसके लिए उन क्षेत्रों को चिन्हित किया जा रहा है, जिन क्षेत्रों में चुनाव के दौरान अपराध की घटनाएं ज्यादा होती हैं। ऐसे अपराधियों पर कड़ी निगरानी की जा रही है, जो बार-बार अपराध करते हैं। इन क्षेत्रों में मार्च प्रथम सप्ताह से सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। बताया जाता है कि भारत निर्वाचन आयोग मार्च के प्रथम सप्ताह में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। जिले स्तर पर चुनाव की तैयारियों पूरी हो गई हैं, इसकी मुख्य वजह यह है कि मध्य प्रदेश में चार माह पहले ही विधानसभा चुनाव हुए थे।
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार, प्रदेशभर में विभिन्न विभागों एवं पुलिस अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित हो रही है और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया है कि, पिछले दिनों सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में सभी विभागों एवं पुलिस अधिकारियों ने समन्वय के साथ अच्छा काम किया है। जिसके कारण प्रदेश में शांतिपूर्वक पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष मतदान करवाने में सफलता मिली है। आगामी लोकसभा चुनाव-2024 के लिए भी इसी तरह का समन्वय बनाए रखना है। लोकसभा चुनाव के लिए सेक्टर ऑफिसर नियुक्त कर दिए गए हैं। इन सेक्टर ऑफिसर को सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स के साथ समन्वय कर अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का शीघ्र भ्रमण करना होगा।
सावधानी व सर्तकता पर जोर
चुनाव के मद्देनजर साम्प्रदायिक एवं जातिगत रूप से संवेदनशील स्थलों पर अधिक नजर रखने का निर्णय लिया गया है। निर्देश दिया गया है कि सभी अधिकारी सावधानी व सर्तकता के साथ काम करें और हर छोटी घटना पर पैनी नजर रखें। सभी अधिकारी संवेदनशील मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले लेंगे। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों एवं समाज की शांति भंग करने वाले लोगों के विरूद्ध जिला बदर एवं बांड ओवर की कार्यवाही की जा रही है। लाइसेंसी हथियार जमा करने की प्रक्रिया अगले माह से शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी स्तर पर ऐसे लाइसेंसधारियों की सूची बनाई जा रही है, जिनके लाइसेंस रिन्यू नहीं हुए हैं। ऐसे लाइसेंसधारियों के यहां जिला प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंचेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *