लखनऊ में पावर ब्लॉक ने बिगाड़ा ट्रेनों का टाइम टेबल, भोपाल-लखनऊ एक्सप्रेस का रूट बदला, जानें नया शेड्यूल
लखनऊ मंडल में चल रहे मेगा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों के संचालन में बड़ा फेरबदल किया गया है। इसका सीधा असर भोपाल और पुणे से लखनऊ जाने वाली ट्रेनों पर पड़ा है। रेलवे ने यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।
कौन-कौन से हुए हैं बदलाव?
पुणे-लखनऊ सुपरफास्ट (12103/12104): यह ट्रेन अब लखनऊ तक नहीं जाएगी। इसे कानपुर स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा, यानी यह कानपुर से ही आएगी और वहीं से वापस जाएगी।
एलटीटी-लखनऊ एसी सुपरफास्ट (22121/22122): लोकमान्य तिलक टर्मिनल से लखनऊ के बीच चलने वाली यह एसी ट्रेन निर्धारित तिथियों पर कानपुर और लखनऊ के बीच रद रहेगी।
इन ट्रेनों के बदले मार्ग
कई प्रमुख ट्रेनों को कानपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और अयोध्या के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
गोरखपुर जाने वाली ट्रेनें: लोकमान्य तिलक-गोरखपुर, पनवेल-गोरखपुर, ओखा-गोरखपुर और यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस।
नोट: ये ट्रेनें अब लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और बलरामपुर स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी।
भोपाल-लखनऊ एक्सप्रेस (12183): यह ट्रेन भी बदले हुए रूट से चलेगी, जिससे लखनऊ, रायबरेली और अमेठी जैसे स्टेशनों का संपर्क कट जाएगा।
अन्य प्रभावित ट्रेनें: उद्योगनगरी एक्सप्रेस और एलटीटी-सुल्तानपुर एक्सप्रेस के संचालन पर भी असर पड़ेगा।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले 139 हेल्पलाइन नंबर या ‘रेल मदद’ ऐप के जरिए अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति (Live Status) जरूर देख लें ताकि स्टेशनों पर होने वाली परेशानी से बचा जा सके।
