रानी कमलापति रेलवे स्टेशन बनेगा और भी हाईटेक, 4.49 करोड़ से अपग्रेड होगा सिग्नल सिस्टम, ट्रेनों की रफ्तार होगी तेज
भोपाल। शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के संचालन को सुरक्षित, तेज और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए रेलवे लगभग 4.49 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस राशि से स्टेशन की मौजूदा सिग्नल प्रणाली को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। इसके साथ ही, नई व्यवस्था के संचालन और नियंत्रण के लिए एक अत्याधुनिक तकनीकी भवन का निर्माण भी किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन पर वर्तमान में उपयोग में आ रही पुरानी सिग्नल प्रणाली को अपग्रेड कर वितरित इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग (ईआई) प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त, ट्रैक सर्किट व्यवस्था के साथ नई मानिटरिंग तकनीक भी स्थापित की जाएगी, जिससे ट्रेनों की आवाजाही पर अधिक सटीक निगरानी रखी जा सकेगी।
सिग्नल सिस्टम अपग्रेड होने से होंगे कई फायदे
यह तकनीक सिग्नल फेल होने, ट्रैक पर तकनीकी गड़बड़ी और संचालन संबंधी समस्याओं की पहचान में मदद करेगी। इस परियोजना के तहत स्टेशन परिसर में नया ईआई भवन भी बनाया जाएगा। इसी भवन से सिग्नल और ट्रैक से जुड़ी विभिन्न प्रणालियों का संचालन और निगरानी की जाएगी।
आधुनिक उपकरणों और डिजिटल कंट्रोल सिस्टम से लैस यह भवन रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नई सिग्नल प्रणाली लागू होने के बाद ट्रेनों के संचालन में विश्वसनीयता बढ़ेगी, तकनीकी खराबियों की संभावना कम होगी और परिचालन क्षमता में सुधार होगा।
