तपाने वाली गर्मी हुई शुरू, तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार, जानें IMD का ताजा अपडेट

मार्च माह के पहले दिन से ही तपाने वाली गर्मी भी शुरू हो गई है। छत्‍तीसगढ़ में शुक्रवार को नवा रायपुर सर्वाधिक गर्म रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शनिवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज थोड़ा बदल सकता है और बारिश के भी आसार है। कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि शनिवार से मौसम का मिजाज बदलेगा और प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार है। कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बिजली भी गिर सकती है। बारिश का क्षेत्र मुख्य रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ रहेगा।

शुक्रवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। तापमान में बढ़ोतरी के साथ नमी के चलते उमस में भी बढ़ोतरी हुई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से सात डिग्री ज्यादा रहा।

नवा रायपुर में सर्वाधिक तापमान दर्ज

एआरजी नवा रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही मार्च के पहले ही दिन रायपुर के साथ ही दुर्ग व राजनांदगांव का भी अधिकतम तापमान 36 डिग्री पार हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले पांच दिनों तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

देश में इस वर्ष गर्मी का महीना और तपाने वाला होगा। मार्च, अप्रैल और मई के महीने में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहेंगे। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने वाले है, हालांकि राहत वाली बात यह है कि ज्यादा गर्मी पड़ने से इस वर्ष बारिश भी अच्छी होगी।

तीन महीनों के औसत तापमान से ज्यादा रहेगा तापमान

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बीते 30 वर्षों में प्रदेश में मार्च, अप्रैल और मई माह का औसत तापमान 38.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा है। इनमें रायपुर का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस वर्ष औसत तापमान में बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 15 मार्च के बाद से अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी शुरू होने वाली है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *