भारत को पछाड़ने वाले दक्षिण कोरिया की निकली हवा, शेयर बाजार में भारी गिरावट, रोकनी पड़ी ट्रेडिंग

नई दिल्ली: दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार में इस साल सबसे ज्यादा तेजी आई है। हाल में वह भारत को पछाड़कर दुनिया का छठा बड़ा स्टॉक मार्केट बन गया था। लेकिन आज मामला पलट गया। निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते दक्षिण कोरिया के बेंचमार्क इंडेक्स कोस्पी में जबरदस्त बिकवाली हुई और यह 9% गिर गया। हालत यह हो गई कि 20 मिनट के लिए ट्रेडिंग रोकनी पड़ी। सबसे ज्यादा नुकसान सैमसंग और SK Hynix को हुआ। इन्हीं शेयरों के दम पर दक्षिण कोरिया ने भारत को पछाड़ा था।

सैमसंग के शेयरों में 6% से ज्यादा की गिरावट आई जबकि SK Hynix का शेयर 4% से ज्यादा टूट गया। इसके साथ ही सैमसंग का मार्केट कैप 1.310 ट्रिलियन डॉलर रह गया। इसी तरह SK Hynix की बाजार वैल्यू 919.91 अरब डॉलर रह गई। हाल में एआई से जुड़े शेयरों में काफी तेजी आई थी और आशंका जताई जा रही थी कि इनका हाल भी डॉट.कॉम की तरह हो सकता है। आज की गिरावट से साउथ कोरिया का बेंचमार्क पिछले हफ्ते के रेकॉर्ड हाई से लगभग 14% नीचे आ गया है।

क्यों आई गिरावट?

जैसे ही निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू की बाजार का कंसंट्रेशन रिस्क यानी एक ही सेक्टर पर ज्यादा निर्भरता का जोखिम एक्सपोज हो गया। कोस्पी ने इस साल गजब की उड़ान भरी थी। इसमें ज्यादातर तेजी एआई से जुड़े कुछ शेयरों के प्रदर्शन पर टिकी थी। कोस्पी के वेटेज में सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और SK Hynix की करीब आधी हिस्सेदारी है।

इस साल कोस्पी की तेजी में इनका करीब दो-तिहाई योगदान रहा है। इन शेयरों में तेजी के दम पर इस साल में अब तक 79% तेजी आई है। आज की बिकवाली के बाद भी सैमसंग में इस साल 138% तेजी आई है जबकि SK Hynix का शेयर 196% चढ़ा है। पिछले एक साल में एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर की मांग में जबरदस्त उछाल आया है। इस कारण इससे जुड़े शेयरों में भी तेजी आई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *